श्रावणी मेला 2026: गया जंक्शन पर हाई अलर्ट, आज से दौड़ेगी गया–मधुपुर स्पेशल ट्रेन

श्रावणी मेला 2026 के लिए रेलवे ने सुरक्षा और यात्री सुविधाओं को लेकर कमर कस ली है. लाखों श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए गया-मधुपुर श्रावणी मेला स्पेशल ट्रेन का संचालन शुरू हो गया है. डीडीयू मंडल ने विशेष निगरानी और 24 घंटे सक्रिय वार रूम की व्यवस्था की है.

Gaya madhupur special train: श्रावणी मेला 2026 के दौरान लाखों श्रद्धालुओं की संभावित भीड़ को देखते हुए पंडित दीन दयाल उपाध्याय (डीडीयू) रेल मंडल ने सुरक्षा और यात्री सुविधाओं को लेकर व्यापक तैयारियां पूरी कर ली हैं. श्रद्धालुओं की सुरक्षित, सुगम और व्यवस्थित यात्रा सुनिश्चित करने के उद्देश्य से मंडल रेल प्रबंधक (डीआरएम) उदय सिंह मीना की अध्यक्षता में मंडल मुख्यालय में उच्चस्तरीय समीक्षा बैठक आयोजित की गई.

गया जंक्शन सहित प्रमुख स्टेशनों पर विशेष निगरानी

बैठक में विभिन्न विभागों के अधिकारियों ने मेला अवधि के दौरान रेल संचालन और यात्री सुविधाओं से जुड़े सभी पहलुओं की समीक्षा की. गया जंक्शन पर कांवड़ यात्रियों की सुरक्षा और सुविधाओं पर विशेष चर्चा हुई. डीआरएम ने संबंधित अधिकारियों को गया जंक्शन समेत सभी प्रमुख स्टेशनों पर विशेष सतर्कता बरतने के निर्देश देते हुए कहा कि किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी.

भीड़ प्रबंधन, सुरक्षा और यात्री सुविधाओं पर फोकस

समीक्षा बैठक में भीड़ नियंत्रण, यात्रियों की सुरक्षा, स्वच्छता, पेयजल, खानपान, उद्घोषणा प्रणाली तथा रेल परिचालन की तैयारियों की विस्तृत समीक्षा की गई. डीआरएम ने निर्देश दिया कि सभी विभाग आपसी समन्वय के साथ कार्य करें और मेला अवधि में यात्रियों को किसी प्रकार की असुविधा न होने दें. उन्होंने प्रमुख स्टेशनों पर अतिरिक्त रेलकर्मियों की तैनाती, यात्रियों के मार्गदर्शन और जरूरत पड़ने पर तत्काल सहायता उपलब्ध कराने के भी निर्देश दिए.

24 घंटे सक्रिय रहेगा वार रूम

श्रावणी मेले के दौरान स्टेशनों पर उमड़ने वाली भीड़ की निगरानी के लिए मंडल मुख्यालय स्थित वार रूम को 24 घंटे सक्रिय रखा गया है. सभी प्रमुख रेलवे स्टेशनों पर लगे सीसीटीवी कैमरों के माध्यम से लगातार निगरानी की जाएगी, ताकि किसी भी स्थिति से तत्काल निपटा जा सके.

आज से चलेगी गया–मधुपुर श्रावणी मेला स्पेशल ट्रेन

श्रद्धालुओं की सुविधा को ध्यान में रखते हुए रेलवे ने गाड़ी संख्या 03654 और 03653 गया–मधुपुर श्रावणी मेला स्पेशल ट्रेन का संचालन शुरू किया है.

  • 03654 गया–मधुपुर स्पेशल : 2 अगस्त से 16 अगस्त 2026 तक प्रतिदिन चलेगी.
  • 03653 मधुपुर–गया स्पेशल : 3 अगस्त से 17 अगस्त 2026 तक प्रतिदिन संचालित होगी.

इसके अलावा डीडीयू मंडल के विभिन्न रेलखंडों पर पहले से चल रही ट्रेनों के माध्यम से भी श्रद्धालुओं को यात्रा सुविधा उपलब्ध कराई जाएगी. यात्रियों की संख्या बढ़ने पर अतिरिक्त स्पेशल ट्रेनों के संचालन की भी तैयारी रखी गई है.

सुरक्षित और सुविधाजनक यात्रा सर्वोच्च प्राथमिकता : डीआरएम

डीआरएम उदय सिंह मीना ने कहा कि श्रावणी मेला के दौरान श्रद्धालुओं सहित सभी यात्रियों की सुरक्षित और सुविधाजनक यात्रा सुनिश्चित करना डीडीयू मंडल की सर्वोच्च प्राथमिकता है. उन्होंने बताया कि निर्बाध रेल सेवाएं उपलब्ध कराने के लिए अतिरिक्त संसाधनों की व्यवस्था की गई है और सभी विभागों को अलर्ट मोड में रखा गया है. उन्होंने अधिकारियों और कर्मचारियों को निर्देश दिया कि श्रावणी मेला के दौरान सुरक्षा, भीड़ प्रबंधन, यात्री सुविधाओं और रेल परिचालन से जुड़े सभी कार्य पूरी जिम्मेदारी और ईमानदारी से सुनिश्चित किए जाएं, ताकि लाखों श्रद्धालुओं की यात्रा सुरक्षित और सुगम हो सके.

Also Read: क्या मंत्री दीपक प्रकाश पूरे 5 साल पद पर बने रहेंगे? देवेश कुमार के इस्तीफे से टला संकट, लेकिन कहानी अभी खत्म नहीं हुई


प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी

लेखक के बारे में

By Rohit kumar singh

Digital Media Journalist having more than 2 years of experience in life & Style beat with a good eye for writing across various domains, such as tech and auto beat.
Read More
ePaper

अपने दैनिक समाचार अनुभव को और बेहतरीन बनाएं

सिर्फ ₹399 ₹149

एक साल के लिए

आज ही सब्सक्राइब करें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >