Gaya Ji News: गया जी अंतर्गत शेरघाटी इलाके की प्रमुख राजनीतिक एवं सामाजिक हस्ती, बुजुर्ग कम्युनिस्ट नेता और शेरघाटी व्यापार मंडल के अध्यक्ष कृष्ण मुरारी सिंह का मंगलवार की रात लंबी बीमारी के बाद निधन हो गया. उन्होंने शेरघाटी के समीप महमदपुर गांव स्थित अपने पैतृक आवास पर परिजनों के बीच अंतिम सांस ली. उनके निधन की खबर मिलते ही शेरघाटी सहित पूरे जिले के राजनीतिक, सामाजिक और व्यापारिक गलियारों में शोक की लहर दौड़ गई.
गया में लंबे इलाज के बाद लौटे थे घर
स्वजनों के अनुसार, कृष्ण मुरारी सिंह पिछले कुछ समय से गंभीर बीमारी से जूझ रहे थे. हाल ही में गया के एक निजी अस्पताल में लंबे इलाज के बाद उन्हें डिस्चार्ज कर घर लाया गया था. अत्यधिक कमजोरी और बीमारी के कारण वे लंबे समय से शैयाग्रस्त थे, जहां परिवार के सदस्य निरंतर उनकी देखभाल कर रहे थे.
2009 से 2025 तक रहे गोपालपुर पैक्स के अध्यक्ष
अपने मृदुभाषी व्यवहार और जुझारू तेवर के कारण कृष्ण मुरारी सिंह क्षेत्र में काफी लोकप्रिय थे. उन्होंने वर्ष 2009 से 2025 तक लगातार गोपालपुर पैक्स के अध्यक्ष के रूप में किसानों और ग्रामीणों की सेवा की. इससे पूर्व शेरघाटी के तत्कालीन विधायक बालिक राम के सहयोगी के रूप में उन्होंने शोषित, वंचित और कमजोर वर्ग के अधिकारों के लिए सड़क से लेकर सदन तक निरंतर आवाज उठाई.
दिग्गज नेताओं ने जताया शोक
उनके निधन पर विभिन्न राजनीतिक दलों के नेताओं और प्रबुद्ध नागरिकों ने गहरा शोक व्यक्त किया है. शोक संवेदना जताने वालों में भाजपा जिलाध्यक्ष प्रेम प्रकाश उर्फ चिंटू सिंह, पवन किशोर, राजेश सिंह, डॉ. अमित कुमार, राजद नेता प्रमोद कुमार वर्मा और पूर्व मंत्री डॉ. विनोद प्रसाद यादव शामिल हैं. नेताओं ने कहा कि कृष्ण मुरारी सिंह का निधन शेरघाटी के राजनीतिक व सामाजिक जीवन के लिए एक अपूरणीय क्षति है.
Also Read: गया में IG का एक्शन, पंचानपुर थानाध्यक्ष समेत 3 पुलिसकर्मी सस्पेंड
