Gaya Ji Road Accident : बांकेबाजार के शेरघाटी-इमामगंज मुख्य मार्ग पर लुटुआ थाना क्षेत्र के शंकरपुर गांव के समीप शनिवार की शाम अज्ञात चारपहिया वाहन की चपेट में आने से बाइक सवार तीन युवक घायल हो गए. हादसे में गंभीर रूप से घायल एक युवक की इलाज के दौरान रविवार की सुबह मौत हो गई. मृतक की पहचान भदवर थाना क्षेत्र के भोकहा गांव निवासी मुकुल प्रजापति के पुत्र मुंटेक्स कुमार के रूप में हुई है. वहीं, इमामगंज थाना क्षेत्र के बंदोहरी गांव निवासी पिंटू कुमार और कादिरगंज गांव निवासी सत्यम कुमार का इलाज अस्पताल में चल रहा है.
मेला देखकर घर लौट रहे थे तीनों दोस्त
जानकारी के अनुसार, मुंटेक्स कुमार अपने दोस्तों पिंटू कुमार और सत्यम कुमार के साथ बाइक से बांकेबाजार में मेला देखने गया था. मेला देखने के बाद तीनों बाइक से अपने घर लौट रहे थे. इसी दौरान शंकरपुर गांव के समीप पीछे से तेज रफ्तार में आ रही एक अज्ञात स्कॉर्पियो ने उनकी बाइक में जोरदार टक्कर मार दी.
गंभीर रूप से घायल मुंटेक्स ने तोड़ा दम
हादसे में मुंटेक्स कुमार गंभीर रूप से घायल हो गया. स्थानीय लोगों और परिजनों की मदद से उसे रानीगंज स्थित एक निजी क्लीनिक में भर्ती कराया गया. वहां चिकित्सकों की देखरेख में उसका इलाज चल रहा था, लेकिन रविवार की सुबह इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई.
हादसे के बाद स्कॉर्पियो चालक फरार
ग्रामीणों के अनुसार, दुर्घटना के बाद स्कॉर्पियो चालक रात के अंधेरे का फायदा उठाकर वाहन लेकर मौके से फरार हो गया. हादसे की जानकारी के बाद इलाके में शोक का माहौल है. घायल पिंटू कुमार और सत्यम कुमार का अस्पताल में इलाज चल रहा है.
