मंत्री संतोष सुमन बोले- जंगलराज- 2 के युवराज हैं तेजस्वी यादव, जनता ने 25 सीटों पर समेट दिया

Bihar Politics: गया पहुंचे मंत्री संतोष कुमार सुमन ने नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव पर तीखा हमला बोला. उन्होंने तेजस्वी को जंगलराज पार्ट-2 का युवराज बताया. उन्होंने आगे कहा कि निशांत में नीतीश कुमार के संस्कार साफ दिखाई देते हैं.

Bihar Politics: बिहार कैबिनेट विस्तार के बाद पहली बार गया पहुंचे मंत्री संतोष कुमार सुमन ने तेजस्वी यादव पर तीखा हमला बोला. उन्होंने तेजस्वी यादव के बारे में कहा कि जब से हाफ पैंट पहनना शुरू किया था, तब से हम जमीन से जुड़कर राजनीति कर रहे हैं, वे जंगलराज पार्ट-2 के युवराज हैं. गया पहुंचने पर पार्टी कार्यकर्ताओं ने मंत्री का जोरदार स्वागत किया. फूल-माला और नारों के बीच उनका अभिनंदन किया गया. इसके बाद वह सर्किट हाउस पहुंचे, जहां उन्होंने प्रेस कॉन्फ्रेंस कर विपक्ष पर निशाना साधा.

जनता जंगलराज नहीं भूल सकती

संतोष सुमन ने कहा कि बिहार की जनता अब पहले जैसी नहीं रही. लोग सब समझते हैं और उन्हें पता है कि किस दौर में राज्य अपराध और भय के माहौल में था. उन्होंने कहा कि जिन लोगों के शासनकाल में बिहार बदनाम हुआ, वे अब फिर सत्ता में आने का सपना देख रहे हैं. उन्होंने दावा किया कि जनता ने हाल के चुनाव में राजद को 25 सीटों पर समेटकर अपना जवाब पहले ही दे दिया है.

राजनीति और प्रशासन की समझ नहीं

मंत्री ने कहा कि तेजस्वी यादव को राजनीति, प्रशासन और संविधान की समझ नहीं है. उन्होंने तंज कसते हुए कहा कि राबड़ी देवी को सीधे रसोई से मुख्यमंत्री बना दिया गया और तेजस्वी यादव को भी बिना लंबे राजनीतिक संघर्ष के उपमुख्यमंत्री बनने का मौका मिला. उन्होंने कहा कि आज वही लोग नीतीश कुमार पर सवाल उठा रहे हैं, जिन्होंने उन्हें राजनीतिक पहचान दी.

निशांत कुमार का भी किया बचाव

संतोष सुमन ने निशांत कुमार को लेकर की गई विपक्षी टिप्पणियों पर भी प्रतिक्रिया दी. उन्होंने कहा कि निशांत शांत और संस्कारी व्यक्तित्व के धनी हैं और उनमें नीतीश कुमार के संस्कार साफ दिखाई देते हैं.
मंत्री ने कहा कि निजी टिप्पणी करना विपक्ष की हताशा को दिखाता है.

बिहार को विकास चाहिए, वंशवाद नहीं

परिवारवाद के मुद्दे पर हमला बोलते हुए उन्होंने कहा कि बिहार की जनता अब विकास चाहती है, सिर्फ परिवार की राजनीति नहीं. उन्होंने कहा कि एनडीए सरकार राज्य को नई ऊंचाई देने के लिए काम कर रही है. संतोष सुमन ने कहा कि विपक्ष के पास अब केवल आरोप और बयानबाजी की राजनीति बची है, जबकि सरकार विकास के एजेंडे पर आगे बढ़ रही है.

Also Read: निशांत कुमार से मिलीं अक्षरा सिंह, जानिए मंत्री ने सोशल मीडिया पर फोटो शेयर कर क्या लिखा

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

By Abhinandan Pandey

अभिनंदन पांडेय डिजिटल माध्यम में पिछले 2 सालों से पत्रकारिता में एक्टिव हैं. बंसल न्यूज (MP/CG) और दैनिक जागरण जैसे प्रतिष्ठित संस्थानों में अनुभव लेते हुए अब प्रभात खबर तक का मुकाम तय किए हैं. अभी डिजिटल बिहार टीम में काम कर रहे हैं. सामाजिक-राजनीतिक नब्ज को करीब से समझने का प्रयास करते हैं. देश-विदेश की घटनाओं, बिहार की राजनीति, और किस्से-कहानियों में विशेष रुचि रखते हैं. डिजिटल मीडिया के नए ट्रेंड्स, टूल्स और नैरेटिव स्टाइल्स के साथ प्रयोग करना पसंद है.

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >