गया जी के गुरुआ उपडाकघर के तहत संचालित होने वाला साहोपुर बरमा ग्रामीण डाकघर मंगलवार को आधिकारिक रूप से पंचायत सरकार भवन, बरमा में शिफ्ट हो गया. इस नए भवन में डाकघर का शुभारंभ उपडाकपाल सतीश कुमार, बीपीएम संजय कुमार, एबीपीएम परशुराम कुमार, डॉ. प्रमोद कुमार वर्मा, रंधीर कुमार, दीपक कुमार, तिरुपति पवार एवं सनोज कुमार द्वारा संयुक्त रूप से दीप प्रज्वलित कर और फीता काटकर किया गया.
इस मौके पर उपस्थित उपडाकपाल सतीश कुमार ने कहा कि पंचायत सरकार भवन में डाकघर के स्थानांतरित होने से अब क्षेत्र के दूर-दराज के ग्रामीणों को डाक विभाग से जुड़ी सभी आधुनिक सुविधाएं बहुत ही आसानी से उपलब्ध हो सकेंगी. उन्होंने स्पष्ट किया कि नए स्थान पर डाकघर का संचालन पूरी तरह नियमित रूप से और निर्धारित समय पर किया जाएगा, जिससे स्थानीय लोगों को अपने जरूरी डाक संबंधी कार्यों के लिए किसी भी प्रकार की परेशानी का सामना नहीं करना पड़ेगा.
ग्रामीणों को मिलेंगी कई आधुनिक वित्तीय सेवाएं
उपडाकपाल ने जानकारी दी कि इस डाकघर के माध्यम से अब स्थानीय ग्रामीणों को बचत खाता खोलने, डाक जमा करने, रजिस्ट्री, स्पीड पोस्ट, मनी ऑर्डर सहित अन्य महत्वपूर्ण सरकारी और वित्तीय सेवाओं का लाभ बेहद सुगमता से मिल सकेगा.
Also Read : गया : बांकेबाजार में SDO का सख्त निर्देश, कहा- लोगों को कार्यालय के चक्कर न लगवाएं, लंबित काम जल्द निपटाएं
इस अवसर पर बीपीएम संजय कुमार ने कार्यक्रम में पहुंचे सभी अतिथियों का स्वागत किया और डाकघर के सुचारु संचालन के लिए स्थानीय ग्रामीणों से पूर्ण सहयोग की अपील की. इस उद्घाटन कार्यक्रम के दौरान बड़ी संख्या में स्थानीय प्रबुद्ध लोग और ग्रामीण उपस्थित रहे, जिन्होंने इस बदलाव को क्षेत्र के विकास के लिए एक सकारात्मक कदम बताया है.
