Gaya Ji News : गया जंक्शन पर आरपीएफ की टीम ने ऑपरेशन अमानत के तहत तत्परता दिखाते हुए ट्रेन में छूटे यात्री का सामान सुरक्षित बरामद कर उसे वापस सौंप दिया. आरपीएफ इंस्पेक्टर बनारसी यादव ने बताया कि डीडीयू कंट्रोल से रेल मदद (Ref. 2026071504722/84) के माध्यम से सूचना मिली थी कि ट्रेन संख्या 03698 दिल्ली-शेखपुरा एक्सप्रेस में एक यात्री का सामान छूट गया है.
कोच की तलाशी में मिला सामान
सूचना मिलते ही ट्रेन के गया जंक्शन के प्लेटफॉर्म संख्या तीन पर पहुंचने के बाद सहायक उप निरीक्षक अक्षयवर सिंह ने संबंधित कोच की जांच की. तलाशी के दौरान यात्री के दो काले बैग, एक झोला और एक छाता बरामद किया गया. सभी सामान को सुरक्षित आरपीएफ पोस्ट, गया में रखकर शिकायतकर्ता को इसकी सूचना दी गई.
दस्तावेजों के सत्यापन के बाद सौंपा गया सामान
कुछ समय बाद नालंदा जिले के निवासी शिकायतकर्ता रणजीत कुमार आरपीएफ पोस्ट पहुंचे और लिखित आवेदन देकर अपना सामान वापस मांगा. आरपीएफ अधिकारियों ने उनसे सामान का पूरा विवरण प्राप्त किया तथा आधार कार्ड और टिकट संख्या AAD 85013864 (दिल्ली से नवादा) का सत्यापन किया. सभी दस्तावेजों और विवरण का मिलान होने के बाद उप निरीक्षक सत्येंद्र कुमार ने गवाहों की मौजूदगी में आवश्यक प्रक्रिया पूरी कर यात्री को उसका सामान सुरक्षित सुपुर्द कर दिया.
आरपीएफ की सराहना की
रणजीत कुमार ने बताया कि बरामद सामान की अनुमानित कीमत करीब 3,000 रुपये है. समय पर सामान सुरक्षित वापस मिलने पर उन्होंने आरपीएफ गया के अधिकारियों और जवानों की ईमानदारी तथा तत्परता की सराहना करते हुए उनका आभार व्यक्त किया.
Also Read : शेखपुरा रहा बिहार का सबसे गर्म जिला, 37.7°C तापमान के बाद बारिश से मिली राहत
