आरपीएफ गया की टीम ने ‘ऑपरेशन अमानत’ के तहत बड़ी कार्रवाई करते हुए जलियांवाला बाग एक्सप्रेस में छूटी एक यात्री की कीमती एप्पल स्मार्ट वॉच बरामद कर ली और उसे पूरी तरह सुरक्षित वापस कर दिया.
आरपीएफ इंस्पेक्टर बनारसी यादव ने इस संबंध में जानकारी देते हुए बताया कि गाड़ी संख्या 12379 (जलियांवाला बाग एक्सप्रेस) में सियालदह से धनबाद तक यात्रा कर रही कृतिका कुमारी, जो सहजानंद नगर बरमसिया, धनबाद की रहने वाली हैं, कोच ए-1 की सीट संख्या पांच पर सफर कर रही थीं.
धनबाद स्टेशन पर उतरने के दौरान जल्दबाजी में उनकी एप्पल स्मार्ट वॉच ट्रेन में ही छूट गई थी. रेल मदद पोर्टल के माध्यम से ऑनलाइन शिकायत मिलने पर आरपीएफ पोस्ट गया के ड्यूटी अधिकारी एएसआई इंद्र कुमार ने तुरंत यात्री से संपर्क साधा.
आरपीएफ की मुस्तैदी से वापस मिला सामान
यात्री की शिकायत मिलने के तुरंत बाद ट्रेन में तैनात एस्कॉर्ट पार्टी के प्रभारी एएसआई सुधीर कुमार सिंह को इसकी सूचना दी गई.
एस्कॉर्ट पार्टी ने त्वरित कार्रवाई करते हुए संबंधित कोच से उक्त स्मार्ट वॉच बरामद कर ली. इसके बाद यात्री के भाई अभिजीत कुमार को इसकी सूचना दी गई, जो गया आरपीएफ पोस्ट पहुंचे.
आरपीएफ पोस्ट पर पहुंचने के बाद अधिकारियों ने वैध पहचान पत्र और यात्रा टिकट का बारीकी से सत्यापन किया. सभी प्रक्रियाएं पूरी होने के बाद करीब 25,000 रुपये मूल्य की वह एप्पल स्मार्ट वॉच उनके भाई को सही-सलामत सौंप दी गई. बहुमूल्य सामान वापस मिलने पर परिजनों ने आरपीएफ टीम के प्रति आभार जताया.
