गया-धनबाद रेलखंड पर रेलवे फाटकों का होगा चौड़ीकरण, वागेश्वरी के पास से हटेंगी फुटपाथी दुकानें

डीआरएम के निर्देश के बाद गया-धनबाद रेलखंड पर रेलवे फाटकों के चौड़ीकरण के काम में तेजी आ गयी है, रेल यातायात में सुविधा होगी.

गया-धनबाद रेलखंड स्थित वागेश्वरी, रसलपुर व गया-डीडीयू रेलखंड के एफसीआइ गुमटी के चौड़ीकरण का काम जल्द शुरू होने वाला है. इसके लिए स्थानीय अधिकारियों की एक विशेष बैठक हुई है. बैठक में सबसे पहले सर्वे का काम पूरा किया जायेगा. इसके बाद मापी की जायेगी. फिर रेलवे फाटक का चौड़ीकरण किया जायेगा.

रसलपुर रेलवे फाटक का चौड़ीकरण होगा सबसे पहले

सबसे पहले रसलपुर रेलवे फाटक का चौड़ीकरण का काम पूरा किया जायेगा. इसके बाद वागेश्वरी व एफसीआइ रेलवे फाटकों को चौड़ीकरण किया जायेगा. चौड़ीकरण करने से पहले वागेश्वरी रेलवे फाटक के आसपास लगायी गयी फुटपाथी दुकानों को हटाया जायेगा. इसके लिए आरपीएफ की टीम को निर्देश दिया गया है. हालांकि, अभी काम शुरू होने में करीब एक सप्ताह देर है.

वागेश्वरी के पास से हटेंगी फुटपाथी दुकानें

बता दें कि वागेश्वरी रेलवे फाटक के दोनों छोर पर फुटपाथी दुकानदारों द्वारा अतिक्रमण कर लिया गया है. जब तक अतिक्रमण हटाने का अभियान शुरू नहीं होगा, तब तक रेलवे फाटकों का चौड़ीकरण नहीं किया जा सकेगा. रेलवे फाटकों के दोनों छोर पर फुटपाथी दुकानों का कब्जा है. रेलवे फाटक बंद होने के बाद भी फुटपाथी दुकानों को नहीं हटाया जाता है. इस दौरान दुर्घटना होने की आशंका बनी रहती है.

गौरतलब है कि शनिवार को डीडीयू मंडल के मंडल रेल प्रबंधक (डीआरएम) राजेश गुप्ता ने गया जंक्शन व मानपुर रेलवे स्टेशन का निरीक्षण किया था. निरीक्षण के दौरान इंजीनियरिंग विभाग के अधिकारियों के साथ-साथ स्थानीय अधिकारियों को निर्देश दिया था कि रसलपुर रेलवे फाटक-67,वागेश्वरी गुमटी 71 व एफसीआइ रेलवे फाटकों का जल्द से जल्द चौड़ीकरण करें, ताकि जल्द से जल्द ट्रैफिक दबाव कम हो सकें.

चौड़ीकरण के बाद जाम से शहर वालों को मिलेगी मुक्ति

रसलपुर रेलवे फाटक-67, वागेश्वरी गुमटी 71 व एफसीआइ फाटकों का चौड़ीकरण होने के बाद शहर वालों के साथ-साथ स्कूली बच्चों को जाम से मुक्ति मिलेगी. रेलवे फाटक बंद होने के बाद स्कूली बच्चे बस में फंसे रहते हैं, इस कारण छात्र-छात्राओं को घर पहुंचने में परेशानियों का सामना करना पड़ता है.

शहर वालों के साथ-साथ छात्र-छात्राओं ने सभी रेलवे फाटकों के पास रोड ओवरब्रिज बनाने की मांग की थी. ओवरब्रिज बनाने के लिए कई बार आंदोलन भी किया गया है. लेकिन, आश्वासन के सिवा कुछ नहीं मिला. लेकिन, अब रेलवे फाटकों के पास चौड़ीकरण हो जाने के बाद जाम की स्थिति कायम नहीं होगी और लोग आसानी से सफर कर सकेंगे.

Also Read : TMBU की वेबसाइट छह माह से बंद, छात्र परेशान, नामांकन के लिए अलग-अलग कॉलेजों में करना होगा आवेदन

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

By Anand Shekhar

Dedicated digital media journalist with more than 2 years of experience in Bihar. Started journey of journalism from Prabhat Khabar and currently working as Content Writer.

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >