कांग्रेस नेता राहुल गांधी के विशेष ‘छात्रों की गूंज’ लाइव कार्यक्रम का आयोजन शनिवार को गया शहर के गोदावरी-चांदचौरा स्थित एक निजी होटल में किया गया. इस कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य देश के विद्यार्थियों से जुड़े शिक्षा, रोजगार और उनके उज्ज्वल भविष्य की उम्मीदों जैसे गंभीर मुद्दों को खुलकर सामने लाना रहा है.
बिहार प्रदेश कांग्रेस कमेटी के सचिव रणजीत कश्यप के नेतृत्व में आयोजित इस कार्यक्रम में बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं, युवा, कांग्रेस पार्टी के वरिष्ठ नेता और कार्यकर्ता शामिल हुए. कार्यक्रम के दौरान ‘स्कूल है, पर पढ़ाई नहीं’, ‘डिग्री है, पर कमाई नहीं’, ‘फीस बड़ी’, और ‘फैकेल्टी घटी, उम्मीद मरी’ जैसे छात्र-समस्याओं से जुड़े ज्वलंत विषयों पर विस्तार से चर्चा की गई.
इस अवसर पर गया जिला कांग्रेस अध्यक्ष रजनीश कुमार सहित जुगल किशोर, कमलेश चंद्रवंशी, मदीना खातून, हासिल कश्यप, ओंकार शक्ति, शिव कुमार, अशोक यादव, लक्ष्मी कश्यप, सोनाली कुमारी, पारुल, जया कुमारी और अंजलि समेत बड़ी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ता एवं युवा उपस्थित रहे.
सरकार को जवाबदेह बनाने का प्रयास - रणजीत कश्यप
मीडिया से बातचीत करते हुए बिहार प्रदेश कांग्रेस कमेटी के सचिव रणजीत कश्यप ने कहा कि राहुल गांधी का यह लाइव कार्यक्रम देश के छात्रों की समस्याओं और उनकी दबी हुई आवाज को मुखर करने के उद्देश्य से आयोजित किया गया है.
उन्होंने कहा कि आज के दौर में गुणवत्तापूर्ण शिक्षा और रोजगार के अवसरों को लेकर छात्र-छात्राओं के सामने कई बड़ी चुनौतियां खड़ी हैं. राहुल गांधी इन तमाम अहम मुद्दों को उठाकर सरकार का ध्यान इस ओर आकृष्ट कर रहे हैं.
रणजीत कश्यप ने आगे कहा कि इस कार्यक्रम के माध्यम से छात्रों की आवाज को और अधिक बुलंद करने तथा उनकी समस्याओं के स्थायी समाधान के लिए सरकार को जवाबदेह बनाने का निरंतर प्रयास किया जा रहा है.
उन्होंने बताया कि राहुल गांधी का यह लाइव कार्यक्रम मुख्य रूप से इंदौर से प्रसारित किया जा रहा था, जिसे गया में मौजूद तमाम कांग्रेस कार्यकर्ताओं और विद्यार्थियों ने एक साथ सामूहिक रूप से देखा.
