सड़क निर्माण कार्य पर ग्रामीणों का हंगामा, गुणवत्ता पर जताई चिंता

Gaya Ji News: नवादा रोड से बीटी बीघा दोमुहान तक बन रही सड़क में घटिया सामग्री के उपयोग और धूल-मिट्टी पर ही पीच बिछाने को लेकर ग्रामीणों में नाराजगी है. लोगों ने निर्माण कार्य की जांच कर गुणवत्तापूर्ण सड़क निर्माण की मांग की है.

Gaya Ji News(नवीन कुमार मिश्रा): ग्रामीण सड़क सुदृढ़ीकरण एवं प्रबंधन कार्यक्रम आरआरएसएमपी के तहत नवादा रोड से बीटी बीघा दोमुहान तक हो रहे सड़क निर्माण कार्य में मानक के अनुरूप सामग्री का उपयोग नहीं करने और धूल-मिट्टी पर ही पीच से ढलाई किए जाने को लेकर ग्रामीणों में भारी नाराजगी देखी जा रही है. ग्रामीणों ने निर्माण कार्य की गुणवत्ता पर सवाल उठाते हुए इसकी जांच कराने की मांग की है.

पुराने जर्जर सड़क पर पीच बिछाया जा रहा

ग्रामीण निरंजन सिंह, अभिषेक सिंह, विकास कुमार और धनंजय सिंह सहित अन्य लोगों ने बताया कि सड़क निर्माण में कई जगहों पर गड्ढों को भरे बिना ही पुराने जर्जर सड़क पर पीच बिछाया जा रहा है. जबकि नवादा से बरवां तक सड़क को समतल और उसपर मेटल भी दिया गया है. उनका आरोप है कि निर्माण स्थल पर धूल और मिट्टी साफ किए बिना ही पिचिंग का कार्य किया जा रहा है, जिसे ग्रामीणों ने खुद हटाकर संवेदक सीताराम यादव और कनीय अभियंता श्याम बिहारी प्रसाद को दिखाया.

काफी वर्षों बाद सड़क निर्माण का कार्य शुरू

ग्रामीणों ने कहा कि काफी वर्षों बाद सड़क निर्माण का कार्य शुरू हुआ है, लेकिन यदि शुरुआत से ही घटिया निर्माण होगा तो आने वाले वर्षों तक लोगों को खराब सड़क की समस्या झेलनी पड़ेगी. उन्होंने स्पष्ट कहा कि सड़क निर्माण में किसी प्रकार का समझौता स्वीकार नहीं किया जाएगा और संवेदक को गुणवत्तापूर्ण निर्माण सुनिश्चित करना होगा.

वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल

बता दें कि इस पूरे मामले से जुड़े फोटो और वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहे हैं, जिसके बाद स्थानीय लोगों में भी चर्चा का विषय बना हुआ है. जानकारी के अनुसार पथ संख्या 1047-701 के तहत नवादा रोड से बीटी बीघा दोमुहान तक 3.120 किलोमीटर लंबी सड़क का कार्य कराया जा रहा है. निर्माण कार्य की एजेंसी ग्रामीण कार्य विभाग कार्य प्रमंडल शेरघाटी है, जबकि संवेदक के रूप में मां कोम्बली कंस्ट्रक्शन कार्य कर रही है.

संवेदक का 10 प्रतिशत तक विलंब शुल्क कटौती का प्रावधान

निर्माण स्थल पर मौजूद कनीय अभियंता श्याम बिहारी प्रसाद ने बताया कि यह नया सड़क निर्माण नहीं बल्कि मेंटेनेंस कार्य है. जहां-जहां गड्ढे हैं उन्हें भरकर उस पर पीच बिछाने का कार्य किया जा रहा है. उन्होंने कहा कि ग्रामीणों की शिकायत इसी प्रक्रिया को लेकर है. डिस्प्ले पर प्रकाशित निर्माण तिथि और जेई के अनुसार इस सड़क का कार्य 13 मई तक पूरा होना था. निर्धारित समय सीमा के बाद भी कार्य लंबित रहने पर सरकारी नियमों के तहत संवेदक का 10 प्रतिशत तक विलंब शुल्क कटौती का प्रावधान है.

जेई ने क्या कहा ?

जेई ने बताया कि 2 करोड़ 17 लाख की लागत से सड़क का मेंटेनेंस का कार्य होना है. 7 साल तक इस सड़क की देखरेख की जिम्मेवारी संवेदक की होगी पांचवा साल इस पर एक लेयर पिचिंग भी करना है.
वहीं, इस संबंध में जानकारी लेने के लिए संवेदक सीताराम यादव के मोबाइल नंबर पर संपर्क किया गया, लेकिन उन्होंने फोन रिसीव नहीं किया.

Also Read: “चुप्पी तोड़ो, खुलकर बोलो”, विश्व माहवारी दिवस पर घेउरा में निकली जागरूकता रैली

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

Published by: Suryakant Kumar

Digital Media Journalist having more than 2 years of experience in life & Style beat with a good eye for writing across various domains, such as tech and auto beat.

Read More

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >