महिला सिपाही के प्रेम-प्रसंग में चली गोली, परैया थाने के ड्राइवर ने कोतवाली के सिपाही को किया लहूलुहान

गया पुलिस महकमे में उस वक्त हड़कंप मच गया, जब एक महिला सिपाही से जुड़े त्रिकोणीय प्रेम-प्रसंग में दो थानों के चालकों के बीच खूनी संघर्ष हो गया.

गया जी. गया पुलिस महकमे में उस वक्त हड़कंप मच गया, जब एक महिला सिपाही से जुड़े त्रिकोणीय प्रेम-प्रसंग में दो थानों के चालकों के बीच खूनी संघर्ष हो गया. शनिवार की अहले सुबह करीब चार बजे परैया थाने के एक निजी ड्राइवर ने कोतवाली थाने में तैनात सिपाही (ड्राइवर) को गोली मार दी. घटना सिविल लाइंस थाना क्षेत्र के पितामहेश्वर इलाके स्थित हिसुआ कोठी गली में हुई, जहां महिला सिपाही किराये पर रहती है. पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपित को गिरफ्तार कर लिया है. गोलीबारी में कोतवाली थाने के सिपाही नीरज कुमार (निवासी: भगवानगंज, पटना) गंभीर रूप से घायल हो गये. आरोपी ने उनके बांये सीने में देसी कट्टे से गोली मारी. लहूलुहान होने के बावजूद नीरज ने हिम्मत नहीं हारी और खुद बाइक चलाकर सीधे कोतवाली थाना पहुंचे. वहां से पुलिसकर्मियों ने उन्हें तुरंत जयप्रकाश नारायण अस्पताल पहुंचाया, जहां से प्राथमिक उपचार के बाद उन्हें मगध मेडिकल अस्पताल रेफर कर दिया गया. फिलहाल उनकी स्थिति गंभीर बनी हुई है और इलाज जारी है.

क्या है वारदात की असल वजह

जानकारी के अनुसार, विवाद के केंद्र में मौजूद महिला सिपाही पहले परैया थाने में तैनात थी. उस दौरान उसका परैया थाने के निजी ड्राइवर गौतम (निवासी: पुनाकला गांव, परैया) के साथ कथित तौर पर प्रेम-प्रसंग चल रहा था. हाल ही में महिला सिपाही का तबादला कोतवाली थाने में लिपिक के पद पर हो गया. इसी बीच उसकी नजदीकियां कोतवाली थाने के सिपाही ड्राइवर नीरज के साथ बढ़ने लगीं. शुक्रवार की देर रात नीरज महिला सिपाही के किराये के मकान पर पहुंचा था. इस बात की भनक परैया थाने के निजी ड्राइवर गौतम को लग गयी. गुस्से में तमतमाया गौतम अहले सुबह महिला सिपाही के कमरे पर पहुंच गया और उसने नीरज पर फायर झोंक दिया. सिटी डीएसपी सरोज कुमार शाह ने घटना की पुष्टि करते हुए बताया कि प्रथम दृष्टया यह पूरा मामला प्रेम-प्रसंग से जुड़ा है. उन्होंने बताया कि सिविल लाइंस थाने की पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपित गौतम को गिरफ्तार कर लिया है और उससे पूछताछ की जा रही है. डीएसपी शाह ने कहा, घटना बेहद गंभीर है. घायल सिपाही नीरज के बयान पर सिविल लाइंस थाने में प्राथमिकी दर्ज कर ली गयी है. हम हर बिंदु पर सबूत इकट्ठा कर रहे हैं. महिला सिपाही से भी सघन पूछताछ की जा रही है और उसके विरुद्ध भी विभागीय कार्रवाई की तैयारी की जा रही है. घायल सिपाही के परिजनों को पटना में सूचना दे दी गयी थी, जिसके बाद वे गया पहुंच चुके हैं.

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

By PRANJAL PANDEY

PRANJAL PANDEY is a contributor at Prabhat Khabar.

Tags

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >