Buxar Police Jawan Dies During Training : बिहार पुलिस में प्रशिक्षण ले रहे गया जिले के एक जवान की बक्सर जिले के डुमरांव में छत से गिरने के बाद मौत हो गई. जवान की मौत की खबर मिलते ही वजीरगंज थाना क्षेत्र के कारीसोवा गांव में मातम पसर गया. मृतक की पहचान कारीसोवा निवासी मिथलेश कुमार सिंह के 24 वर्षीय पुत्र रजनीश कुमार के रूप में हुई है. घटना की जानकारी मिलने के बाद ग्रामीण मृतक के घर पहुंचकर परिजनों को सांत्वना दे रहे हैं.
परिजनों और ग्रामीणों के अनुसार, रजनीश कुमार करीब एक माह पहले बिहार पुलिस में पदस्थापित हुए थे. इसके बाद उन्हें पुलिस प्रशिक्षण के लिए बक्सर जिले के डुमरांव भेजा गया था. रविवार को प्रशिक्षण के दौरान दोपहर करीब दो बजे रजनीश कुमार तीसरी मंजिल की छत से नीचे गिर गए. उस समय अन्य पुलिस जवान अपने कमरों में आराम कर रहे थे. हादसे में रजनीश गंभीर रूप से घायल हो गए.
अस्पताल ले जाने के दौरान बिगड़ी हालत
घटना के बाद प्रशिक्षण स्थल पर अफरातफरी मच गई. आनन-फानन में रजनीश को इलाज के लिए बक्सर अस्पताल ले जाया जा रहा था, लेकिन रास्ते में ही उनकी हालत गंभीर हो गई. अस्पताल पहुंचने के बाद चिकित्सकों ने जांच की और उन्हें मृत घोषित कर दिया. जवान की मौत की सूचना मिलते ही कारीसोवा गांव में शोक की लहर दौड़ गई और परिवार में कोहराम मच गया.
तीन भाइयों में सबसे छोटा था रजनीश
ग्रामीणों ने बताया कि रजनीश तीन भाइयों में सबसे छोटा था. बिहार पुलिस में चयन होने के बाद परिवार और गांव के लोगों को उससे काफी उम्मीदें थीं. रजनीश के पुलिस में चयन से परिवार को भरोसा था कि अब आर्थिक स्थिति बेहतर होगी और गरीबी दूर करने में मदद मिलेगी. लेकिन जवान की असमय मौत से परिवार का यह सपना टूट गया.
परिजनों ने मौत की जांच की मांग की
रजनीश की छत से गिरकर हुई मौत को लेकर परिजनों ने सवाल उठाते हुए पूरे मामले की जांच की मांग की है. परिजनों का कहना है कि यह हादसा था या इसके पीछे कोई दूसरी वजह थी, इसकी स्पष्ट जानकारी जांच के बाद ही सामने आएगी. इधर, सोमवार की अहले सुबह जवान का शव कारीसोवा गांव पहुंचा तो परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल हो गया. पिता मिथलेश सिंह और भाई बेसुध हैं.
गरीबी के बीच परिवार को थी बड़ी उम्मीद
पिता मिथलेश सिंह ने बताया कि परिवार में तीन भाई और एक बहन हैं. बड़े भाई मुंबई में मजदूरी करते हैं, जबकि मंझला भाई अभी पढ़ाई कर रहा है. रजनीश के बिहार पुलिस में चयन हुआ था. लेकिन प्रशिक्षण पूरा होने से पहले ही उसकी मौत ने परिवार को गहरा सदमा दे दिया. ग्रामीणों के अनुसार, बड़े भाई के गांव पहुंचने के बाद सोमवार की देर शाम रजनीश का राजकीय सम्मान के साथ अंतिम संस्कार किया जाएगा.
