गया जी के इमामगंज थाना क्षेत्र के विभिन्न गांवों से किसानों के खेतों से लगातार इलेक्ट्रिक मोटर चोरी होने की मिल रही शिकायतों पर पुलिस ने बड़ी सफलता हासिल की है. पुलिस ने कार्रवाई करते हुए गिरोह में शामिल एक नाबालिग को गिरफ्तार किया है.
उसके पास से पुलिस ने कनौदा गांव के सुधीर सिंह की चोरी गई एक इलेक्ट्रिक मोटर, चपरी गांव के अरुण कुमार तिवारी की चोरी गई एक समर्सिबल पंप तथा एक बाइक बरामद की है. हालांकि, छापेमारी के दौरान गिरोह के दो अन्य सदस्य मौके का फायदा उठाकर फरार हो गए, जिनकी गिरफ्तारी के लिए पुलिस लगातार दबिश दे रही है.
गश्ती टीम ने रानीगंज बांस बाजार मोड़ के पास से दबोचा
मामले का खुलासा करते हुए डीएसपी धीरज कुमार एवं थानाध्यक्ष अमित कुमार ने संयुक्त रूप से बताया कि क्षेत्र में लगातार हो रही मोटर चोरी को लेकर पुलिस गंभीर थी. इसके लिए पुलिस अधिकारियों, जवानों और चौकीदारों की एक विशेष भ्रमणशील टीम गठित कर रात में सघन गश्ती की जा रही थी.
इसी दौरान रानीगंज बांस बाजार मोड़ के पास संदिग्ध अवस्था में घूम रहे भीड़हा गांव निवासी एक नाबालिग को पकड़ा गया. कड़ाई से पूछताछ करने पर उसने मोटर चोरी की घटनाओं में अपनी संलिप्तता स्वीकार कर ली.
बाइक की जांच जारी, आरोपी नाबालिग बाल सुधार गृह भेजा गया
पुलिस के अनुसार, बरामद बाइक चोरी की है या नहीं, इसकी गहनता से जांच की जा रही है. वहीं, गिरफ्तार नाबालिग को सभी आवश्यक कानूनी प्रक्रियाएं पूरी करने के बाद अदालत में पेश कर बाल सुधार गृह भेज दिया गया है.
पुलिस अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि फरार चल रहे दोनों आरोपियों को जल्द गिरफ्तार कर लिया जाएगा. क्षेत्र में चोरी और अन्य आपराधिक गतिविधियों पर लगाम लगाने के लिए पुलिस का यह विशेष अभियान आगे भी जारी रहेगा.
Also Read : गया जी : नीट पेपर लीक के विरोध में जीटी रोड पर छात्रों का प्रदर्शन, लगा लंबा जाम
