पितृपक्ष 2026: विष्णुपद मंदिर से 12 सितंबर को निकलेगी स्वच्छता रैली, मेला क्षेत्र रहेगा नो-प्लास्टिक जोन

गया नगर निगम 2026 पितृपक्ष महासंगम की तैयारियों में जुट गया है. 12 सितंबर को विष्णुपद मंदिर से एक स्वच्छता एवं जन-जागरूकता रैली निकाली जाएगी. इसके साथ ही, पूरे मेला क्षेत्र को नो-प्लास्टिक जोन घोषित किया गया है और नशे पर पूर्ण प्रतिबंध रहेगा.

Pitru Paksha 2026 Gaya : पितृपक्ष महासंगम 2026 के सफल, सुव्यवस्थित एवं स्वच्छ आयोजन को लेकर गया नगर निगम द्वारा व्यापक स्तर पर जन-जागरूकता अभियान चलाया जा रहा है. इसी क्रम में 12 सितंबर को पूर्वाह्न 10:30 बजे विष्णुपद मंदिर परिसर से स्वच्छता एवं जागरूकता रैली का आयोजन किया जायेगा.

रैली का मुख्य उद्देश्य पितृपक्ष महासंगम को निर्विघ्न, निर्मल तथा स्वच्छ तरीके से आयोजित करने के साथ-साथ श्रद्धालुओं एवं आम नागरिकों को स्वच्छता के प्रति जागरूक करना है.

रैली को हरी झंडी

रैली को जिला पदाधिकारी शशांक शुभंकर व नगर निगम के महापौर गणेश पासवान द्वारा हरी झंडी दिखाकर रवाना किया जायेगा. इस अवसर पर उप महापौर मोहन श्रीवास्तव, सभी वार्ड पार्षद, पंडा समाज के सचिव गजाधर लाल पाठक एवं सदस्यगण, नगर निगम के पदाधिकारी एवं कर्मचारी व आम नागरिक शामिल होंगे.

नो प्लास्टिक व नशामुक्त क्षेत्र

जिला प्रशासन एवं नगर निगम द्वारा पितृपक्ष महासंगम के दौरान स्वच्छ एवं पर्यावरण अनुकूल वातावरण बनाये रखने के उद्देश्य से सम्पूर्ण मेला क्षेत्र को नो प्लास्टिक जोन घोषित किया गया है. इसके साथ ही मेला क्षेत्र में नशे के सेवन को पूर्ण रूप से प्रतिबंधित किया गया है.

जन-जागरूकता का संदेश

रैली के माध्यम से लोगों को प्लास्टिक के उपयोग से बचने, कचरा निर्धारित स्थान पर डालने, सार्वजनिक स्थलों को स्वच्छ रखने तथा मेला क्षेत्र की पवित्रता एवं गरिमा बनाये रखने के लिए प्रेरित किया जायेगा.

तैयारियों पर समीक्षा बैठक

डीएम के निर्देशानुसार नगर निगम आयुक्त की अध्यक्षता में पितृपक्ष महासंगम 2026 की तैयारियों को लेकर बैठक आयोजित की गयी. बैठक में अमरनाथ धोकड़ी, बबन लाल बारिक, मणिलाल बारिक, उप नगर आयुक्त, सहायक लोक स्वच्छता पदाधिकारी, सहायक वास्तुविद सहित नगर निगम के अन्य पदाधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित थे.

प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी

लेखक के बारे में

By नीरज कुमार

Read More
ePaper

अपने दैनिक समाचार अनुभव को और बेहतरीन बनाएं

सिर्फ ₹399 ₹149

एक साल के लिए

आज ही सब्सक्राइब करें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >