शेरघाटी. आमस थाने की पुलिस ने सात वर्षों से फरार वांछित कुख्यात नक्सली सुदामा राम को गिरफ्तार किया है. एएसपी शैलेंद्र सिंह ने कहा कि पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर नक्सलियों एवं अपराधियों के विरुद्ध लगातार कार्रवाई की जा रही है. इसी क्रम में पुलिस को सूचना मिली कि सुदामा राम औरंगाबाद जिले के सिमरी थाना अंतर्गत धनारी गांव के पास आया हुआ है. सूचना के बाद आमस, ढिबरा थाना एवं एसएसबी की टीम बनाकर धनारी के पास छापेमारी की गयी. पुलिस को देखते ही एक व्यक्ति भगाने का प्रयास करने लगा जिसे सशस्त्र बल ने पकड़ लिया. उसने पूछने पर अपना नाम सुदामा राम पिता गोवर्धन राम बताया. वह नवीनगर थाना अंतर्गत करमडीह गांव का रहने वाला है. उल्लेखनीय है कि 19 सितंबर 2017 को आमस थाना अंतर्गत सोलर पावर प्लांट को नक्सलियों ने बम से उड़ा दिया था एवं केविन में आग लगाकर वहां के कर्मचारियों को बंधक बनाकर मारपीट कर जान मारने की धमकी दी थी. इस घटना को लेकर आमस थाना कांड संख्या 196/2017 दर्ज कर पुलिस लगातार कार्रवाई कर रही थी. उन्होंने कहा कि पुलिस के हत्थे चढ़ा नक्सली ने इस घटना में अपनी संलिप्तता स्वीकार की है. उन्होंने कहा कि इस घटना में अब तक 31 नक्सलियों को गिरफ्तार करें जेल भेजा जा चुका है, जबकि अन्य नक्सलियों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस लगातार छापेमारी कर रही है.
डिस्क्लेमर: यह प्रभात खबर समाचार पत्र की ऑटोमेटेड न्यूज फीड है. इसे प्रभात खबर डॉट कॉम की टीम ने संपादित नहीं किया है
