पितृपक्ष मेला में सफाई व्यवस्था को मुकम्मल रखने के लिए नगर निगम ने तैयारी और तेज कर दी है. रविवार को अवकाश के बाद भी नगर निगम कार्यालय खुला रहा. मेयर डॉ वीरेंद्र कुमार उर्फ गणेश पासवान, नगर आयुक्त डॉ गगन व सशक्त स्थायी समिति के सदस्य अखौरी ओंकारनाथ उर्फ मोहन श्रीवास्तव ने सभी सफाई जमादारों के साथ बैठक कर मेला क्षेत्र की सफाई व्यवस्था की विस्तृत समीक्षा की.
स्वच्छता को लेकर विशेष निर्देश
मेयर ने कहा कि पितृपक्ष मेला में देश-विदेश से लाखों की संख्या में तीर्थयात्री गयाजी पहुंचते हैं. ऐसे में मेला क्षेत्र की स्वच्छता नगर निगम के लिए बड़ी जिम्मेदारी और चुनौती है. इस चुनौती को सफाई कर्मियों की मेहनत और बेहतर समन्वय से पूरा करना है. बैठक के दौरान सभी ने एक स्वर में “स्वच्छ हो गयाजी, स्वच्छ हो पितृपक्ष” का संकल्प लिया.
अधिकारियों की सख्त चेतावनी
नगर आयुक्त ने कहा कि मेला के दौरान सफाई व्यवस्था में किसी तरह की लापरवाही नहीं होनी चाहिए. सभी जमादार अपने-अपने क्षेत्र में सफाई कर्मियों के साथ समन्वय बनाकर लगातार निगरानी करें.
पहचान से जुड़ा आयोजन
सशक्त स्थायी समिति के सदस्य मोहन श्रीवास्तव ने कहा कि पितृपक्ष मेला गयाजी की पहचान से जुड़ा महत्वपूर्ण आयोजन है. देश-विदेश से आने वाले श्रद्धालु यहां की व्यवस्था को देखते हैं. ऐसे में सफाई व्यवस्था को लेकर किसी भी स्तर पर कमी नहीं रहनी चाहिए.
