आसमान में फ्लाइंग रैबिट्स का करतब, जमीन पर कैडेट्स का शौर्य

ऑफिसर्स ट्रेनिंग एकेडमी (ओटीए) गया में 28वीं पासिंग आउट परेड से पूर्व आयोजित कार्यक्रमों की शृंखला में रानी लक्ष्मीबाई स्टेडियम में ”मल्टी एक्टिविटी डिस्प्ले” का भव्य आयोजन किया गया.

गया जी. ऑफिसर्स ट्रेनिंग एकेडमी (ओटीए) गया में 28वीं पासिंग आउट परेड से पूर्व आयोजित कार्यक्रमों की शृंखला में रानी लक्ष्मीबाई स्टेडियम में ””मल्टी एक्टिविटी डिस्प्ले”” का भव्य आयोजन किया गया. इस अवसर पर पासआउट होने वाले ऑफिसर कैडेट्स ने अपने उत्कृष्ट युद्ध कौशल, अनुशासन और सैन्य दक्षता का हैरतअंगेज प्रदर्शन किया. कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में दक्षिण कमान के जनरल ऑफिसर कमांडिंग-इन-चीफ (जीओसी-इन-चीफ) लेफ्टिनेंट जनरल धीरज सेठ (पीवीएसएम, यूवाईएसएम, एवीएसएम) उपस्थित रहे, जो 28वीं पासिंग आउट परेड के रिव्यूइंग ऑफिसर भी हैं. उनके साथ ओटीए गया के कमांडेंट लेफ्टिनेंट जनरल विवेक कश्यप (पीवीएसएम, एवीएसएम, वीएसएम) सहित कई वरिष्ठ सैन्य अधिकारी मौजूद थे.

जमीन से आसमान तक दिखा कैडेट्स का शौर्य

मल्टी एक्टिविटी डिस्प्ले की शुरुआत साहसिक घुड़सवारी से हुई. कैडेट्स ने घोड़े पर सवार होकर ध्वज मार्च, टेंट पेगिंग, घुड़सवारी बाधा दौड़ और इक्वीटेशन सिम्फनी का शानदार प्रदर्शन कर दर्शकों को मंत्रमुग्ध कर दिया. इसके बाद जिम्नास्टिक्स और हाई हॉर्स डिस्प्ले में कैडेट्स की फुर्ती और ताकत देखने लायक थी. कार्यक्रम का मुख्य आकर्षण सेना का हवाई कौशल रहा. फ्लाइंग रैबिट्स (माइक्रो लाइट एयरक्राफ्ट) टीम ने आसमान में राष्ट्रीय ध्वज, सेना ध्वज, ओटीए ध्वज और ओटीए के संकल्प वाक्य का बैनर लेकर शानदार फ्लाई पास्ट किया. एयरक्राफ्ट की नोज डाइव और ग्राउंड को टच करते हुए वापस ऊपर उठने के रोमांचकारी दृश्य ने दर्शकों को अचंभित कर दिया. समारोह का समापन आकर्षक आतिशबाजी के साथ हुआ.

गौरव पदक से परिजनों का सम्मान

इस अवसर पर गौरव पदक समारोह का भी आयोजन किया गया. यह सम्मान उन परिवारों के प्रति कृतज्ञता का प्रतीक था, जिन्होंने देश सेवा के लिए अपने बेटे-बेटियों को सशस्त्र सेनाओं को समर्पित किया है. पासआउट होने वाले कैडेट्स के परिजनों को गौरव पदक प्रदान कर उनके अमूल्य योगदान को सराहा गया और उनके सम्मान में एक भव्य रात्रिभोज आयोजित किया गया.

सेना में अधिकारी बनेंगे 281 कैडेट्स

ओटीए गया में शॉर्ट सर्विस कमीशन टेक्निकल (पुरुष एवं महिला) कोर्स की तीसरी पासिंग आउट परेड सात मार्च को आयोजित होगी. इसमें शॉर्ट सर्विस कमीशन टेक्निकल एंट्री (पुरुष) के 64वें कोर्स के 253 तथा महिला एंट्री के 35वें कोर्स की 28 ऑफिसर कैडेट्स (कुल 281) भारतीय सेना में कमीशन प्राप्त करेंगे. इनमें कई ऐसे कैडेट्स भी शामिल हैं, जो सेना में शामिल होने वाले अपने परिवार की दूसरी या तीसरी पीढ़ी का प्रतिनिधित्व कर रहे हैं.

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

Published by: Pranjal pandey

Digital Media Journalist having more than 2 years of experience in life & Style beat with a good eye for writing across various domains, such as tech and auto beat.
और पढ़ें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >