बेलागंज. बेलागंज के सिंघौल गांव में रविवार को एक राष्ट्र एक चुनाव परिचर्चा सह होली मिलन समारोह का आयोजन हुआ. इसमें मुख्य अतिथि के रूप में स्थानीय सांसद सह केंद्रीय मंत्री जीतनराम मांझी शामिल हुए. परिचर्चा की अध्यक्षता अधिवक्ता सह भाजपा नेता मुकेश कुमार व संचालन अशोक शर्मा ने की. कार्यक्रम का शुभारंभ केंद्रीय मंत्री जीतन राम मांझी व अन्य अतिथियों ने दीप प्रज्वलित कर किया. परिचर्चा में केंद्रीय मंत्री ने कहा कि एक देश एक चुनाव होना चाहिए. जो देश के विकास हित में है. उन्होंने कहा कि किसी को भ्रम नहीं होना चाहिए. ऐसा नहीं है कि आज नरेंद्र मोदी की सरकार सिर्फ ऐसा कर रही है. इसके पूर्व में भी दशकों तक देश में एक साथ सभी चुनाव होते थे. मंत्री ने कहा कि सनातन धर्म में जात-पांत पूर्व में न थी. बाद में सिर्फ कार्य के आधार पर वर्गों में बांटा गया. जिसे जाति के रूप में चिह्नित किया गया. मंत्री ने कहा कि नरेंद्र मोदी के प्रधानमंत्री बनना देश के लिए सौभाग्य है. आज उनके नेतृत्व में देश पुनः विश्व गुरु बनने की ओर अग्रसर है. उन्होंने कहा कि मेरे 44 साल के राजनीतिक जीवन के अनुभव का लाभ गया की जनता को मिलेगा. गया की जनता के कण-कण के ऋण को हम चुकायेंगे. परिचर्चा में एएम कालेज के प्रिंसिपल राजेश कुमार, प्रो रूपेश कुमार, लोजपा नेता अरविंद सिंह,भाजपा नेता मोहन शर्मा, कांग्रेस नेता नोनू सिंह आदि लोगों ने अपना विचार रखा. इसके बाद लोक गायिका माधव प्रिया शर्मा ने एक से बढ़कर एक होली संगीत की प्रस्तुति दी. कार्यक्रम में पूर्व मंत्री अभिराम शर्मा, हम नेता बुलबुल शर्मा, भाजपा नेता तिलक शर्मा व अनिल कुमार सहित बड़ी संख्या में सभी वर्ग के लोग शामिल हुए.
डिस्क्लेमर: यह प्रभात खबर समाचार पत्र की ऑटोमेटेड न्यूज फीड है. इसे प्रभात खबर डॉट कॉम की टीम ने संपादित नहीं किया है
