गया जी : डुमरिया में सड़क किनारे मेडिकल कचरे का ढेर, सिरिंज-सुई और ब्लड कलेक्शन ट्यूब मिलने से मचा हड़कंप

डुमरिया में सड़क किनारे बड़ी मात्रा में मेडिकल कचरा फेंका गया है, जिसमें इस्तेमाल की गई सिरिंज और सुइयां भी शामिल हैं. इससे ग्रामीणों में संक्रमण फैलने का गहरा भय है. पीएचसी की टीम ने कचरा जब्त कर जांच शुरू कर दी है.

प्रतिनिधि, डुमरिया. डुमरिया-इमामगंज स्टेट हाईवे-69 पर डुमरिया टीवीएस शोरूम के समीप सड़क किनारे बड़ी मात्रा में मेडिकल कचरा फेंके जाने का मामला सामने आया है. शुक्रवार की रात खुले में इस्तेमाल की गयी सिरिंज, सुई, ब्लड कलेक्शन ट्यूब, टेस्ट ट्यूब, वायल, रैपर और अन्य जैव-चिकित्सीय कचरा मिला. खुले में मेडिकल कचरा मिलने से ग्रामीणों में आक्रोश है और संक्रमण के खतरे को लेकर चिंता जतायी जा रही है.

सड़क किनारे बिखरा मिला इस्तेमाल किया हुआ मेडिकल कचरा

घास और झाड़ियों के बीच बड़ी मात्रा में मेडिकल डिस्पोजल सामग्री बिखरी मिली. इसमें इस्तेमाल की गयी सुई और सिरिंज भी शामिल हैं. इससे राहगीरों, बच्चों और मवेशियों की सुरक्षा को लेकर चिंता जतायी जा रही है. ग्रामीणों का कहना है कि खुले में इस तरह मेडिकल कचरा फेंकना लोगों के स्वास्थ्य के लिए खतरा पैदा कर सकता है.

पीएचसी की टीम ने मौके से कचरा जब्त किया

मामले की सूचना मिलने के बाद पीएचसी डुमरिया की टीम मौके पर पहुंची और मेडिकल डिस्पोजल सामग्री को जब्त किया. टीम को अलग-अलग रंग के कैप वाली टेस्ट ट्यूब, छोटी वायल, ब्लड कलेक्शन ट्यूब, प्लास्टिक बैग, खाली डिब्बे, बोतल और रैपर समेत अन्य सामग्री मिली.

सड़क किनारे खुले में फेंक गया मेडिकल कचरा | Prabhat Khabar Network

जांच केंद्रों पर खुले में कचरा फेंकने का आरोप

डुमरिया पूर्वी भाजपा मंडल अध्यक्ष राहुल सोनी ने आरोप लगाया कि डुमरिया बाजार में संचालित कुछ जांच केंद्रों और निजी अस्पतालों में मरीजों की जांच के बाद निकलने वाला मेडिकल कचरा खुले में फेंका जा रहा है. ग्रामीणों ने पूरे मामले की जांच कराने और मेडिकल कचरा फेंकने वाले संस्थान या व्यक्ति की पहचान कर कार्रवाई करने की मांग की है.

सीसीटीवी फुटेज से होगी कचरा फेंकने वाले की पहचान

चिकित्सा पदाधिकारी कबीर आलम ने बताया कि मौके से मेडिकल डिस्पोजल सामग्री जब्त कर ली गयी है. आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज की जांच की जा रही है. जांच के दौरान जिस पैथोलॉजी या जांच केंद्र की संलिप्तता सामने आएगी, उसके खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी.

ALSO READ : गया जंक्शन पर मिला 60 वर्षीय व्यक्ति का शव, प्लेटफार्म पर काफी देर से पड़ा था, नहीं हो सकी पहचान

प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी

लेखक के बारे में

By मनोज मिश्रा

Read More
ePaper

अपने दैनिक समाचार अनुभव को और बेहतरीन बनाएं

सिर्फ ₹399 ₹149

एक साल के लिए

आज ही सब्सक्राइब करें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >