Gaya ji News : गया जिले के मानपुर के बुनियादगंज थाना क्षेत्र के उसरी पंचायत स्थित नौधरिया (बलवा टोला) गांव में 24 वर्षीय विवाहिता की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई. घटना मंगलवार देर रात की है. सूचना मिलने पर पुलिस ने बुधवार सुबह शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए मगध मेडिकल अस्पताल भेज दिया. मामले में पुलिस ने मृतका के पति और सास को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है. मृतका की पहचान पूजा देवी, पति सूरज सपेरा के रूप में हुई है. वह अपने पीछे दो छोटे-छोटे बच्चों को छोड़ गई है.
दो दिन से पति-पत्नी के बीच चल रहा था विवाद
ग्रामीणों के अनुसार पूजा देवी और उसके पति सूरज सपेरा के बीच पिछले दो दिनों से घरेलू विवाद चल रहा था. इस दौरान दोनों के बीच मारपीट होने की बात भी सामने आई है. स्थानीय लोगों का कहना है कि पारिवारिक कलह से परेशान होकर पूजा ने कथित रूप से जहर खा लिया. हालांकि उसने जहर कब और किन परिस्थितियों में खाया, इसकी जानकारी परिवार के किसी सदस्य को नहीं हो सकी. तबीयत बिगड़ने पर परिजन उसे इलाज के लिए एक निजी अस्पताल ले गए, लेकिन डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया.
भाई ने लगाया जहर देकर हत्या का आरोप
मृतका के भाई रंजन नट, जो शेखपुरा जिले के जखौर गांव के रहने वाले हैं, ने बुनियादगंज थाना में लिखित आवेदन देकर बहन की हत्या का आरोप लगाया है. उन्होंने कहा कि ससुराल पक्ष के लोग अक्सर पूजा के साथ मारपीट करते थे और उसे प्रताड़ित किया जाता था.
रंजन नट ने आरोप लगाया कि उसकी बहन को जहर देकर मार दिया गया. आवेदन में पति सूरज सपेरा, सास चुनरिया देवी, ससुर टुनटुन नट और देवर को नामजद आरोपित बनाया गया है.
पति और सास से पुलिस कर रही पूछताछ
घटना के बाद पुलिस ने पति सूरज सपेरा और उसकी मां चुनरिया देवी को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है. अन्य आरोपितों की भूमिका की भी जांच की जा रही है. पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखते हुए मामले की पड़ताल कर रही है.
मृतका के भाई ने दर्ज कराई प्राथमिकी
मृतका के भाई के आवेदन के आधार पर पुलिस ने प्राथमिकी दर्ज कर ली है. नामजद आरोपितों के खिलाफ जांच शुरू कर दी गई है. पुलिस का कहना है कि वैज्ञानिक साक्ष्यों, पोस्टमार्टम रिपोर्ट और गवाहों के बयान के आधार पर मामले की निष्पक्ष जांच की जाएगी।
पोस्टमार्टम रिपोर्ट से पता चलेगा मौत का कारण
प्रशिक्षु डीएसपी सह बुनियादगंज थानाध्यक्ष सौरभ ने बताया कि महिला के शव को पोस्टमार्टम के लिए मगध मेडिकल अस्पताल भेजा गया है. मौत का वास्तविक कारण पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही स्पष्ट हो सकेगा. रिपोर्ट के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी.
Also Read: पुणे से पटना लाई जायेंगी 3 सेट मेट्रो ट्रेनें, दो नए रूटों पर मार्च 2027 तक शुरू होगा परिचालन
