मगध विश्वविद्यालय में शनिवार को पूर्व गणतंत्र दिवस शिविर (लखनऊ) तथा आगामी गणतंत्र दिवस परेड-2027 (नई दिल्ली के कर्तव्य पथ) में प्रतिभागिता हेतु राष्ट्रीय सेवा योजना (NSS) के स्वयंसेवकों के चयन के लिए विश्वविद्यालय स्तर पर एक महत्वपूर्ण प्रतियोगिता का आयोजन किया गया. इस प्रतियोगिता में विश्वविद्यालय के विभिन्न अंगीभूत एवं संबद्ध महाविद्यालयों की एनएसएस इकाइयों से आए छात्र-स्वयंसेवकों ने बेहद उत्साह के साथ भाग लिया.
इस चयन प्रतियोगिता के माध्यम से विद्यार्थियों की प्रतिभा, नेतृत्व क्षमता, अनुशासन, शारीरिक दक्षता, सांस्कृतिक कला और एनएसएस गतिविधियों के प्रति उनकी प्रतिबद्धता का बारीकी से मूल्यांकन किया गया.
चयन प्रक्रिया के उपरांत उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले कुल 16 स्वयंसेवकों का चयन किया गया है, जिसमें आठ महिला स्वयंसेवक और आठ पुरुष स्वयंसेवक शामिल हैं. ये सभी चयनित प्रतिभागी अब आगामी पूर्व गणतंत्र दिवस शिविर, लखनऊ और राष्ट्रीय गणतंत्र दिवस परेड-2027 में मगध विश्वविद्यालय का प्रतिनिधित्व करेंगे.
कुलपतियों और अधिकारियों ने दी शुभकामनाएं
मगध विश्वविद्यालय के कुलपति प्रो. दिलीप कुमार केशरी ने सभी चयनित स्वयंसेवकों को हार्दिक शुभकामनाएं देते हुए कहा कि राष्ट्रीय सेवा योजना युवाओं के भीतर राष्ट्रप्रेम, अनुशासन, नेतृत्व क्षमता और सामाजिक उत्तरदायित्व की भावना विकसित करने का एक सशक्त माध्यम है.
पूर्व गणतंत्र दिवस शिविर और राष्ट्रीय परेड में भागीदारी करना किसी भी विद्यार्थी के लिए अत्यंत गौरव का विषय है. उन्होंने विश्वास जताया कि विश्वविद्यालय के ये छात्र-छात्राएं राष्ट्रीय स्तर पर बिहार का मान बढ़ाते हुए देश की एकता, अखंडता और विविधता का संदेश प्रसारित करेंगे.
विश्वविद्यालय के कुलसचिव डॉ. बीके मंगलम् ने कहा कि एनएसएस स्वयंसेवकों का यह चयन उनकी प्रतिभा, उत्कृष्ट अनुशासन और अटूट समर्पण का प्रत्यक्ष प्रमाण है. ऐसे आयोजनों से विद्यार्थियों में आत्मविश्वास और राष्ट्र के प्रति जिम्मेदारी की भावना को और अधिक मजबूती मिलती है.
समन्वयक डॉ. पिंटू कुमार ने साझा की प्रक्रिया
मगध विश्वविद्यालय के एनएसएस समन्वयक डॉ. पिंटू कुमार ने बताया कि विश्वविद्यालय स्तर पर यह चयन प्रक्रिया पूरी पारदर्शिता और निर्धारित मानकों के तहत संपन्न हुई है. उन्होंने कहा कि इस प्रतियोगिता में विभिन्न महाविद्यालयों के स्वयंसेवकों ने गजब का उत्साह और अनुशासन दिखाया है.
हमारा मुख्य उद्देश्य ऐसे ऊर्जावान स्वयंसेवकों को तैयार करना है, जो राष्ट्रीय स्तर पर मगध विश्वविद्यालय और पूरे बिहार का गौरव बढ़ाएं तथा एनएसएस के मूल उद्देश्यों को सार्थक रूप से आगे ले जाएं.
चयन समिति के सदस्य रहे मौजूद
कार्यक्रम के अंत में चयन समिति के सभी सम्मानित सदस्यों ने चयनित स्वयंसेवकों को उज्ज्वल भविष्य की बधाई दी. साथ ही, आगामी शिविर एवं परेड के दौरान उच्च स्तर की तैयारियों, कड़े अनुशासन और विशेष प्रशिक्षण पर ध्यान केंद्रित करने का आह्वान किया.
इस चयन समिति में वासुदेव प्रसाद, डॉ. राजेश कुमार मिश्रा, डॉ. सुस्मिता कर, डॉ. वंदना कुमारी, एनसीसी के सैन्य अफसर नरेंद्र कुमार और रवि रंजन शामिल रहे.
