Khizarsarai New Post Office : गया जी के खिजरसराय प्रखंड क्षेत्र के लोगों को जल्द ही डाक विभाग की विभिन्न सेवाओं का लाभ स्थानीय स्तर पर मिलने लगेगा. खिजरसराय बाजार में नया उप डाकघर खोलने की तैयारी तेज कर दी गयी है. इसकी रिपोर्ट तैयार कर ली गयी है.
इसी क्रम में वरीय डाक अधीक्षक अंशुमान ने प्रस्तावित उप डाकघर की जमीन का निरीक्षण किया. निरीक्षण के दौरान उन्होंने संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिये. उन्होंने कहा कि उप डाकघर का निर्माण कार्य पूरा होने के बाद लोगों को डाक विभाग से जुड़ी सुविधाओं के लिए दूसरे शहरों का चक्कर नहीं लगाना पड़ेगा.
एक ही छत के नीचे मिलेंगी बचत योजनाएं और स्पीड पोस्ट की सुविधाएं
वरीय डाक अधीक्षक अंशुमान ने बताया कि खिजरसराय बाजार में उप डाकघर खुलने के बाद क्षेत्र के लोगों को एक ही छत के नीचे डाक विभाग की विभिन्न योजनाओं और सेवाओं का लाभ मिल सकेगा.
Also Read : बोधगया के प्राचीन श्रीजगन्नाथ मंदिर का प्रबंधन अब मठ के हाथ, धार्मिक न्यास पर्षद ने जारी किया आदेश
उप डाकघर में सामान्य डाक सेवा के साथ बचत योजनाओं, रजिस्ट्री, स्पीड पोस्ट सहित विभाग से जुड़ी अन्य सुविधाएं उपलब्ध कराने की दिशा में काम किया जायेगा. इससे स्थानीय लोगों को काफी सहूलियत होगी और समय व आने-जाने के खर्च की भी बचत होगी.
ट्रांसफार्मर हटने के बाद ही शुरू हो सकेगा निर्माण कार्य
प्रस्तावित उप डाकघर के लिए चयनित जमीन पर फिलहाल विद्युत ट्रांसफार्मर लगा हुआ है. ट्रांसफार्मर के कारण निर्माण कार्य शुरू करने में बाधा आ रही है. इसे हटाने के लिए वरीय डाक अधीक्षक की ओर से एसबीपीडीसीएल के सिक्योरिटी इंजीनियर को पत्र लिखा गया है.
डाक विभाग की ओर से ट्रांसफार्मर हटाने के लिए आवश्यक प्रक्रिया पूरी करने का आग्रह किया गया है. वरीय डाक अधीक्षक ने बताया कि जमीन से ट्रांसफार्मर हटने के बाद ही उप डाकघर खोलने के लिए आगे का काम शुरू किया जा सकेगा.
बिजली विभाग से जल्द कार्रवाई की उम्मीद
जब तक ट्रांसफार्मर नहीं हटता, तब तक प्रस्तावित स्थल पर निर्माण कार्य शुरू करना संभव नहीं है. विभाग की कोशिश है कि बिजली विभाग के स्तर से जल्द कार्रवाई हो और इसके बाद उप डाकघर के निर्माण की प्रक्रिया आगे बढ़ाई जा सके.
डाक सेवाओं के लिए गया जाने से मिलेगी निजात
खिजरसराय में उप डाकघर खुलने से प्रखंड क्षेत्र के लोगों को डाक विभाग की सेवाओं के लिए गया आने की जरूरत नहीं पड़ेगी. वर्तमान में कई कार्यों के लिए लोगों को दूर जाना पड़ता है, जिससे समय और पैसे दोनों की खपत होती है.
स्थानीय स्तर पर उप डाकघर की सुविधा उपलब्ध होने से ग्रामीणों, व्यवसायियों, पेंशनधारियों और अन्य लोगों को सीधा लाभ मिलेगा. उप डाकघर तैयार होने के बाद खिजरसराय बाजार और आसपास के प्रखंड क्षेत्र के लोगों को डाक विभाग की सुविधाएं उनके अपने क्षेत्र में ही उपलब्ध हो सकेंगी.
