गया : बिजली आपूर्ति में मनमानी का आरोप, खिजरसराय में ग्रामीणों का धरना; 13 लोगों पर केस वापसी की मांग

गया जी जिले के खिजरसराय प्रखंड के नौगढ़ में बिजली आपूर्ति में अनियमितता को लेकर ग्रामीणों ने धरना दिया. महिलाओं की बड़ी संख्या में उपस्थिति ने विद्युत विभाग के खिलाफ नाराजगी जताई. बिजली की मांग और पुराने मामलों पर कार्रवाई की आवाज उठी.

गया जी के खिजरसराय प्रखंड क्षेत्र के नौगढ़ विद्युत सब स्टेशन पर गुरुवार को बिजली उपभोक्ता मंच के बैनर तले ग्रामीणों ने चार सूत्री मांगों को लेकर धरना-प्रदर्शन किया. धरना में बड़ी संख्या में महिलाएं और ग्रामीण शामिल हुए. इस दौरान ग्रामीणों ने विद्युत विभाग के अधिकारियों के खिलाफ नारेबाजी करते हुए बिजली आपूर्ति में मनमानी का आरोप लगाया.

फीडर व बिजली आपूर्ति की समस्या

ग्रामीणों का कहना था कि नौगढ़ सब स्टेशन से नौगढ़ गांव के लिए अलग फीडर बनाया गया है, जिससे मुख्य रूप से नौगढ़ को बिजली की आपूर्ति की जाती है. वहीं, बिहटा, कोडिहिरा, शेख बिगहा व करहरा गांवों को टेउसा फीडर से जोड़ दिया गया है.

ग्रामीणों का आरोप है कि इस फीडर से इन गांवों में पर्याप्त बिजली नहीं मिल रही है. विभाग द्वारा समानुपातिक रूप से बिजली आपूर्ति नहीं किए जाने से उपभोक्ताओं में नाराजगी है.

निर्दोष ग्रामीणों पर प्राथमिकी

धरना में शामिल लोगों ने कहा कि करीब एक माह पूर्व 13 निर्दोष ग्रामीणों पर प्राथमिकी दर्ज करायी गयी थी. ग्रामीणों के अनुसार उनका दोष सिर्फ इतना था कि वे पेयजल आपूर्ति के लिए नियमित विद्युत आपूर्ति सुनिश्चित कराने की मांग को लेकर विभागीय अधिकारियों के पास गये थे.

ग्रामीणों की चार सूत्री मांगें

ग्रामीणों की चार प्रमुख मांगों में नौगढ़ फीडर से बिहटा को बिजली आपूर्ति, 13 लोगों पर दर्ज प्राथमिकी वापस लेने, किसान-मजदूरों को भेजे गये कथित मनमाने बिजली बिल माफ करने तथा नौगढ़ फीडर से ही संबंधित क्षेत्र को बिजली आपूर्ति सुनिश्चित करने की मांग शामिल है.

विद्युत एसडीओ का बयान

इस संबंध में विद्युत एसडीओ सुमन सौरभ ने बताया कि वोल्टेज की समस्या के समाधान के लिए पावर ट्रांसफॉर्मर लगाया गया है. इसे शुक्रवार सुबह तक चालू कर दिया जायेगा. वही प्राथमिकी के मामले में क़ानून के अनुसार कार्य होगा.

प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी

लेखक के बारे में

By अमिताभ रंजन

Digital Media Journalist having more than 2 years of experience in life & Style beat with a good eye for writing across various domains, such as tech and auto beat.
Read More
ePaper

अपने दैनिक समाचार अनुभव को और बेहतरीन बनाएं

सिर्फ ₹399 ₹149

एक साल के लिए

आज ही सब्सक्राइब करें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >