Gaya Ji News : गया जी के डोभी थाना क्षेत्र के महकार गांव में गुरुवार को करंट की चपेट में आने से 45 वर्षीय करु उर्फ छोटु मंडल की झुलस कर दर्दनाक मौत हो गई. प्राप्त सूचना के अनुसार, करु मंडल अपने घर के बाहर लगे बिजली के पोल से बंधे लोहे के एक तार पर गीले कपड़े सुखा रहे थे. वे जैसे ही कपड़े धोकर लोहे के उस तार पर फैलाने के लिए गए, तभी अचानक पोल के जरिए तार में तेज बिजली प्रवाहित होने लगी और करु मंडल को जोरदार करंट लग गया.
करंट की तीव्रता इतनी अधिक थी कि वे मौके पर ही बुरी तरह झुलस गए. स्थानीय ग्रामीणों ने तत्परता दिखाते हुए उन्हें तुरंत डोभी सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले जाया, जहां जांच के बाद डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया. मौत की खबर मिलते ही परिजनों और पूरे गांव में कोहराम मच गया.
पोल से खेती के लिए खींचा गया था तार
मृतक के शोकाकुल परिजनों ने घटना के कारणों पर प्रकाश डालते हुए बताया कि कुछ दिन पूर्व गांव का ही एक व्यक्ति उसी बिजली के पोल से खेती कार्य के लिए खुले तार द्वारा बिजली ले जा रहा था.
परिजनों को आशंका है कि संभवतः कहीं से वह तार कट गया हो और बिजली पोल में करंट प्रवाहित हो रहा हो, जिस कारण पोल से बंधे लोहे के तार में भी करंट आ गया और करु मंडल उसकी चपेट में आ गए, जिससे यह भीषण हादसा हुआ. इस दुखद घटना के बाद मृतक के घर पर सांत्वना देने वाले ग्रामीणों की भारी भीड़ उमड़ पड़ी है और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है.
शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा, जांच जारी
इधर, घटना की आधिकारिक जानकारी मिलते ही स्थानीय पुलिस की टीम तुरंत मौके पर पहुंची. पुलिस ने शव को अपने कब्जे में लेकर पंचनामा तैयार किया और आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी करने के बाद पोस्टमार्टम के लिए शव को गया स्थित मगध मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल भेज दिया.
डोभी थानाध्यक्ष मुकेश कुमार ने मामले की पुष्टि करते हुए बताया कि इस दुखद घटना को लेकर हर पहलू पर गहन तफ्तीश की जा रही है. मौके पर बिजली विभाग के अधिकारियों को भी तुरंत सूचित किया गया है ताकि करंट प्रवाह के वास्तविक कारणों का पता चल सके और भविष्य में ऐसे जानलेवा हादसों की पुनरावृत्ति को पूरी तरह से रोका जा सके.
Also Read : पितृपक्ष मेला की तैयारियों को लेकर किसी तरह की लापरवाही बर्दाश्त नहीं : नगर आयुक्त
