जीतनराम मांझी को धमकी देने वाले युवक की हुई पहचान, साइबर थाने में केस दर्ज, गिरफ्तारी के लिए छापेमारी शुरु

केंद्रीय मंत्री जीतनराम मांझी को सोशल मीडिया पर धमकी देने का वीडियो वायरल होने के बाद गया पुलिस ने बड़ी कार्रवाई शुरू कर दी है. साइबर थाने में केस दर्ज कर आरोपित युवक की पहचान कर ली गई है और उसकी गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी की जा रही है.

Jitan Ram Manjhi: (रोशन कुमार) पूर्व मुख्यमंत्री सह केंद्रीय मंत्री जीतन राम मांझी को सोशल मीडिया पर सरेआम धमकी देने का मामला तूल पकड़ता जा रहा है. वीडियो वायरल होने के बाद एसएसपी सुशील कुमार के निर्देश पर साइबर थाने में प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है. पुलिस अब आरोपित की गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी कर रही है.

राजेश राव उर्फ सरदार की हुई पहचान

पुलिस जांच में धमकी देने वाले युवक की पहचान राजेश राव उर्फ सरदार के रूप में हुई है. देर रात तक चली तकनीकी जांच के दौरान उसका फेसबुक प्रोफाइल भी ट्रेस कर लिया गया. एसएसपी सुशील कुमार ने गुरुवार सुबह जानकारी देते हुए बताया कि साइबर थाने में दारोगा के बयान पर केस संख्या 70/26 दर्ज किया गया है.

सोशल मीडिया पर दी गई थी खुली धमकी

बुधवार शाम वायरल हुए वीडियो में युवक पूर्व सीएम के खिलाफ अभद्र भाषा और गाली-गलौज करते हुए नजर आ रहा है. वीडियो में उसने बाराचट्टी विधायक ज्योति मांझी पर हुए हमले का जिक्र करते हुए जीतनराम मांझी को खुलेआम धमकी दी. युवक ने वीडियो में उग्र भाषा का इस्तेमाल करते हुए कई आपत्तिजनक बातें कही थीं, जिसके बाद पुलिस ने मामले को गंभीरता से लिया.

एसएसपी ने कहा- गिरफ्तारी के लिए छापेमारी जारी

एसएसपी सुशील कुमार ने बताया कि मामले की जांच साइबर सेल और टेक्निकल टीम की मदद से की जा रही है. आरोपित की गिरफ्तारी के लिए संभावित ठिकानों पर लगातार छापेमारी चल रही है. पुलिस सोशल मीडिया अकाउंट और वीडियो की तकनीकी जांच भी कर रही है.

विधायक ज्योति मांझी से जुड़े विवाद के बाद बढ़ा मामला

गौरतलब है कि रविवार को बाराचट्टी विधायक ज्योति मांझी क्षेत्र भ्रमण पर निकली थीं. इसी दौरान रास्ते में साइड देने को लेकर विवाद हो गया था. आरोप है कि वाहन में सवार लोगों ने विधायक के साथ अभद्र व्यवहार किया और उनके सुरक्षाकर्मियों के साथ धक्का-मुक्की की थी. विधायक की शिकायत के बाद मोहनपुर थाना में मामला दर्ज किया गया था. एसएसपी के निर्देश पर पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए 48 घंटे के भीतर नौ आरोपितों को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया.

हम पार्टी ने भी सौंपा था ज्ञापन

घटना के बाद जीतनराम मांझी ने कड़ी प्रतिक्रिया देते हुए कहा था कि यदि मोहनपुर थानेदार पर आठ दिनों के भीतर कार्रवाई नहीं हुई तो वे डीएम और एसएसपी कार्यालय के समक्ष धरना देंगे. वहीं, हम पार्टी के जिलाध्यक्ष नारायण मांझी ने भी प्रतिनिधिमंडल के साथ एसएसपी से मुलाकात कर विधायक ज्योति मांझी की सुरक्षा बढ़ाने और फरार आरोपितों की गिरफ्तारी की मांग की थी.

Also Read: गया से शुरु होगी बैंकॉक की सीधी उड़ान, सम्राट कैबिनेट का बड़ा फैसला, शहर में 428 करोड़ से बनेगा जलाशय

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

Published by: Sakshi kumari

साक्षी देश के प्रथम राष्ट्रपति डॉ. राजेंद्र प्रसाद की धरती सीवान से आती हैं. पत्रकारिता में अपनी करियर की शुरुआत News4Nation के साथ की. 3 सालों तक डिजिटल माध्यम से पत्रकारिता करने के बाद वर्तमान में प्रभात खबर डिजिटल के साथ कंटेंट राइटर के रूप में कार्यरत हैं. बिहार की राजनीति में रुचि रखती हैं. हर दिन नया सीखने के लिए इच्छुक रहती हैं.

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >