गया जी से नीरज कुमार की रिपोर्ट
International Yoga Day 2026: अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस के अवसर पर रविवार को गया जी के गांधी मैदान में पतंजलि योग सेवा समिति के तत्वावधान में भव्य योग शिविर का आयोजन किया गया. इस योग शिविर में हजारों लोगों ने भाग लेकर योगाभ्यास किया और स्वस्थ जीवन का संदेश दिया.
सुबह 5 से 7 बजे तक हुआ योगाभ्यास
शिविर में संगठन के प्रशिक्षक प्रमोद कुमार, उषा राज और प्रिंस राज ने उपस्थित लोगों को सूर्य नमस्कार, प्राणायाम तथा विभिन्न योग क्रियाओं का अभ्यास कराया. सुबह 5 बजे शुरू हुआ यह कार्यक्रम करीब दो घंटे तक चला और सुबह 7 बजे संपन्न हुआ. प्रशिक्षकों ने बताया कि नियमित योगाभ्यास से शरीर और मन दोनों स्वस्थ रहते हैं. योग केवल शारीरिक व्यायाम नहीं, बल्कि मानसिक संतुलन और आत्मिक शांति प्राप्त करने का भी प्रभावी माध्यम है.
योग क्यों है जरूरी?
आज की भागदौड़ भरी जिंदगी में तनाव, अनियमित दिनचर्या और शारीरिक निष्क्रियता कई स्वास्थ्य समस्याओं का कारण बन रही है. ऐसे में योग शरीर को सक्रिय रखने और मानसिक तनाव को कम करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाता है.
नियमित योग करने के क्या हैं लाभ?
- शरीर की लचीलापन और संतुलन क्षमता बढ़ती है.
- तनाव और चिंता को नियंत्रित करने में मदद मिलती है.
- श्वसन तंत्र बेहतर तरीके से कार्य करता है.
- एकाग्रता और मानसिक शांति में सुधार होता है.
- शरीर में ऊर्जा और स्फूर्ति बनी रहती है.
- स्वस्थ जीवनशैली अपनाने की प्रेरणा मिलती है.
स्वस्थ जीवन का दिया संदेश
योग शिविर में शामिल लोगों ने नियमित रूप से योग करने का संकल्प लिया. कार्यक्रम के दौरान प्रशिक्षकों ने लोगों से प्रतिदिन कुछ समय योग के लिए निकालने और अपने परिवार के सदस्यों को भी योग के प्रति जागरूक करने की अपील की. अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस के अवसर पर आयोजित इस शिविर ने लोगों को स्वास्थ्य के प्रति जागरूक करने के साथ-साथ योग को दैनिक जीवन का हिस्सा बनाने का संदेश दिया.
