फतेहपुर (गया जी) से अरविंद कुमार सिंह की रिपोर्ट
Gaya ji Road Accident : सोमवार की देर रात फतेहपुर थाना क्षेत्र के भारे गांव निवासी शशि भूषण कुमार फतेहपुर-गया मुख्य सड़क पर ठनठनिया मोड़ के समीप सड़क हादसे में गंभीर रूप से घायल हो गए. स्थानीय लोगों की मदद से उन्हें इलाज के लिए टनकुप्पा ले जाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद चिकित्सकों ने बेहतर इलाज के लिए गया रेफर कर दिया.
घायल ने कहा-साले ने दी थी जान से मारने की धमकी
घायल शशि भूषण ने बताया कि वह गांव से गया जा रहे थे, तभी एक चारपहिया वाहन ने उनकी बाइक को जानबूझकर टक्कर मार दी, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गए. उनका आरोप है कि करीब एक सप्ताह पूर्व उनके साले ने उन्हें जान से मारने की धमकी दी थी. उन्होंने आशंका जताई है कि उनकी पत्नी आरती कुमारी और साले अजित कुमार ने षड्यंत्र के तहत वाहन से टक्कर मरवाकर उनकी हत्या करने का प्रयास किया है.
पत्नी से चल रहा विवाद, आवेदन पर कार्रवाई होगी
शशि भूषण ने बताया कि उनकी पत्नी के साथ पिछले कई वर्षों से पारिवारिक विवाद चल रहा है और इस संबंध में गया में एक मामला भी दर्ज है. घटना के बाद परिजनों में चिंता का माहौल है. इधर टनकुप्पा थाना प्रभारी वसंत कुमार राय ने बताया कि दुर्घटना ग्रस्त बाइक को थाना लाया गया है. फिलहाल लिखित आवेदन प्राप्त नहीं हुई है. आवेदन आने के बाद मामले की जांच की जाएगी.
Also Read: भरत तिवारी एनकाउंटर पर जीतन राम मांझी का बड़ा बयान, बोले- पुलिस ने कोई बर्बरता नहीं की
