Gaya News : अगर कपड़ों की जरूरत है तो यहां से ले जाएं और ज्यादा हैं, तो दे जाएं

Gaya News : अच्छी पहल. निगम ने शहर के दो प्रमुख स्थानों पर खोला रिड्यूस, रियूज और रिसाइकल सेंटर

गया. जरूरतमंदों की मदद और शहर को स्वच्छ रखने के लिए नगर निगम ने एक अनोखी पहल शुरू की है. शहर के दो प्रमुख स्थानों पर रिड्यूस, रीयूज, रिसाइकिल सेंटर खोला है. जहां लोग पुराना सामान दे सकते हैं. जिन्हें नगर निगम शहर के जरूरतमंदों को मुहैया करायेगा. इसी क्रम में रविवार को गया समाहरणालय के ठीक सामने रैन बसेरा स्थित नगर निगम के मेयर वीरेंद्र कुमार उर्फ गणेश पासवान, पूर्व डिप्टी मेयर सह स्टैंडिंग कमेटी के सदस्य डॉ अखौरी ओंकारनाथ उर्फ मोहन श्रीवास्तव व नगर आयुक्त कुमार अनुराग ने संयुक्त रूप से फीता काटकर सेंटर का उद्घाटन किया. मेयर गणेश पासवान ने शहर के लोगों से आरआरआर सेंटर में इस्तेमाल की हुई या पुरानी वस्तुएं दान करने के लिए आगे आने की अपील की. उन्होंने कहा कि लोग पुरानी चीजों को खासकर कपड़ों को प्रयोग करने के बाद ऐसे ही नालियों में फेंक देते हैं. जिससे शहर में गंदगी पड़ने के साथ ही नालियां भी बंद हो जाती हैं. इसको देखते हुए नगर निगम शहर में ऐसी चीजों को एकत्रित कर जरूरतमंद लोगों को देने का फैसला लिया है, ताकि शहर को स्वच्छ रखने के साथ ही जरूरतमंदों की मदद हो सके. वहीं, नगर निगम के स्टैंडिंग कमेटी के सदस्य मोहन श्रीवास्तव ने कहा कि नगर निगम ने जनहित जुड़े लोगों के बीच शहर को स्वच्छ रखने और जरूरतमंदो की मदद के लिए आर आरआर सेंटर खोला गया है. वहीं नगर आयुक्त कुमार अनुराग ने कहा कि शहर के दो प्रमुख स्थानों पर थ्री आर कलेक्शन सेंटर खोला गया है. एक सेंटर समाहरणालय स्थित रैन बसेरा के पास, दूसरा गया रेलवे स्टेशन स्थित नगर निगम स्टोर में जरूरत पड़ने पर शहर के अन्य हिस्सों में भी इस तरह के सेंटर खोले जायेंगे. उन्होंने जनता से भी अपील की कि जिन वस्तुओं कपड़ों को घरों में प्रयोग नहीं करते हैं उन्हें इस सेंटर में दान करें, ताकि इसका ये चीजें जरूरतमंदों के काम आ सके. इस मौके पर स्वच्छता पदाधिकारी मोनू कुमार, चन्द्र मोहन उर्फ चिंटू सहित अन्य उपस्थित थे.

डिस्क्लेमर: यह प्रभात खबर समाचार पत्र की ऑटोमेटेड न्यूज फीड है. इसे प्रभात खबर डॉट कॉम की टीम ने संपादित नहीं किया है

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

By Prabhat Khabar News Desk

यह प्रभात खबर का न्यूज डेस्क है। इसमें बिहार-झारखंड-ओडिशा-दिल्‍ली समेत प्रभात खबर के विशाल ग्राउंड नेटवर्क के रिपोर्ट्स के जरिए भेजी खबरों का प्रकाशन होता है।

Tags

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >