Gaya News : गया जी जिले के इमामगंज थाना क्षेत्र के कुईंवार गांव में मंगलवार की रात 70 वर्षीय रामदास रजक की जघन्य हत्या के मामले में पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए 24 घंटे के अंदर मुख्य आरोपी बेटे समेत पांच लोगों को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है.
तंत्र-मंत्र और भूत-प्रेत के शक में ली पिता की जान
गुरुवार को इमामगंज डीएसपी कार्यालय में आयोजित प्रेस कॉन्फ्रेंस में डीएसपी अब्दुल रहमान दानिश ने घटना का खुलासा किया. उन्होंने बताया कि आरोपी राजकुमार रजक की पत्नी कुछ समय पहले छत से गिर गई थी.
इसके बाद से राजकुमार अपने पिता रामदास रजक पर ही भूत-प्रेत और टोना-टोटका करने का आरोप लगाने लगा. इसी अंधविश्वास और पारिवारिक विवाद के कारण राजकुमार ने अपने सगे-संबंधियों के साथ मिलकर पिता की हत्या की खौफनाक साजिश रची.
लोहे की रॉड से हमला कर दबाया गला
घटना की रात राजकुमार रजक ने अपने परिजनों - गुरु रजक, टेकन रजक, सहदेव रजक और एक महिला रिश्तेदार के साथ मिलकर रामदास रजक पर हमला कर दिया. लोहे की रॉड से मारकर और गला दबाकर उनकी हत्या कर दी गई.
फिर चुपके से किया दाह संस्कार
हत्या के बाद साक्ष्य मिटाने की नीयत से आरोपियों ने रात में ही पहाड़ी की तलहटी में शव का दाह संस्कार कर दिया. घटना की जानकारी मिलने पर मृतक की पत्नी फूलकुमारी देवी के बयान पर प्राथमिकी दर्ज की गई.
FSL टीम ने जुटाए जले शव के अवशेष, पुलिस टीम को सफलता
मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने त्वरित कार्रवाई की और पांचों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया. वहीं, साक्ष्य संकलन के लिए पहुंची एफएसएल (FSL) टीम ने दाह संस्कार स्थल से जले हुए शव के कुछ अवशेष बरामद कर जांच के लिए प्रयोगशाला भेज दिए हैं.
इस सफल कार्रवाई और गिरफ्तारी में प्रभारी थानाध्यक्ष नौशाद खान, एसआई ममता कुमारी, सुमन कुमार, रंजन कुमार, और बल्लभ कुमार समेत अन्य पुलिस अधिकारियों की अहम भूमिका रही.
