Gaya Ji IED Recovery गया जी जिले के लुटुआ थाना क्षेत्र में सुरक्षा बलों ने सर्च अभियान के दौरान एक आईईडी बरामद किया है. बरामद विस्फोटक को सुरक्षा मानकों का पालन करते हुए मौके पर ही निष्क्रिय कर दिया गया.
जानकारी के अनुसार डी/215 बटालियन सीआरपीएफ को प्राप्त सूचना के आधार पर कमांडेंट विनोद कुमार मोहरिल के दिशा-निर्देश में जवानों ने स्थानीय पुलिस के एक प्रतिनिधि के साथ सर्च अभियान शुरू किया. टीम कैंप नागोवार से गश्ती करते हुए गुरिया की ओर बढ़ रही थी.
सिंघवा पहाड़ी के पास मिला संदिग्ध आईईडी
इसी दौरान सिंघवा पहाड़ी एरिया के पास संदिग्ध गतिविधि की सूचना मिलने पर जवानों ने इलाके में सर्च अभियान चलाया.
सर्च के दौरान जमीन के नीचे से बीप की आवाज सुनाई दी. जवानों ने सावधानीपूर्वक उस स्थान की जांच की, जहां से एक कमांड मैकेनिज्म आईईडी बरामद हुआ. इसका वजन करीब चार से पांच किलोग्राम बताया गया है.
बम निरोधक दस्ते द्वारा आईईडी को किया गया निष्क्रिय
बरामद आईईडी को 215 बटालियन के बम निरोधक दस्ता के कर्मियों ने मौके पर ही सुरक्षित तरीके से निष्क्रिय कर दिया.
सुरक्षा बलों का मानना है कि अज्ञात नक्सली तत्वों ने पुलिस और सुरक्षा बलों को नुकसान पहुंचाने की नीयत से आईईडी को जमीन के नीचे छिपाकर रखा था.
अप्रिय घटना टलने से राहत और इलाके में गश्ती
समय रहते आईईडी बरामद होने से किसी बड़ी अप्रिय घटना को टाल दिया गया. अभियान के दौरान आसपास के इलाके की भी गहन जांच की गई. अभियान के पूरा होने के बाद भी इलाके में सुरक्षा व्यवस्था और सर्चिंग लगातार जारी रखी गई है ताकि सुरक्षा सुनिश्चित की जा सके.
