गुरुआ. भरौंधा-महापुर मुख्य मार्ग में टड़ई स्थित उत्तर कोयल नहर पर बने पुल के किनारे निर्माण कार्य के दौरान हुई लापरवाही से आवागमन बाधित हो रहा है. सड़क और पुल के बीच गड्ढा बन जाने से राहगीरों और वाहन चालकों के लिए दुर्घटना का खतरा बढ़ गया है.
दो दिन में टोटो पलटने से दो लोग घायल
स्थानीय लोगों के अनुसार, पुल के किनारे बने गड्ढे के कारण रविवार और सोमवार को टोटो पलट गया. दोनों घटनाओं में दो लोग घायल हो गए. लोगों का कहना है कि यदि जल्द समस्या का समाधान नहीं किया गया तो यहां कभी भी बड़ा हादसा हो सकता है.
रोजाना गुजरते हैं छोटे-बड़े वाहन
इस मार्ग से प्रतिदिन बड़ी संख्या में छोटे और बड़े वाहनों का आवागमन होता है. इसके बावजूद पुल के किनारे की स्थिति को दुरुस्त करने के लिए अब तक विभागीय स्तर पर कोई ठोस पहल नहीं की गई है. इससे राहगीरों और वाहन चालकों को काफी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है.
नहर विभाग को दी गई समस्या की जानकारी
काज पंचायत के सरपंच बसंत सिंह ने बताया कि पुल के किनारे उत्पन्न समस्या की जानकारी नहर विभाग के अधिकारियों को दी जा चुकी है. इसके बावजूद अब तक समस्या के समाधान के लिए कोई कार्रवाई नहीं हुई है. उन्होंने जल्द से जल्द गड्ढे को दुरुस्त कराने की मांग की है.
विधायक को भी ग्रामीणों ने दी जानकारी
ग्रामीणों ने पुल के किनारे की बदहाल स्थिति की जानकारी गुरुआ विधायक डॉ. उपेंद्र प्रसाद को भी दी है. ग्रामीणों ने विधायक से नहर पर बने पुल के किनारे सड़क और पुल के बीच बने गड्ढे को जल्द दुरुस्त कराने की मांग की है, ताकि आवागमन सुरक्षित हो सके.
समाधान नहीं हुआ तो सड़क पर उतरेंगे ग्रामीण
ग्रामीण रामसूचित पासवान, सुधीर सिंह, जितेंद्र शर्मा, अमरेन्द्र शर्मा और रामनाथ पासवान ने कहा कि समस्या के कारण लगातार दुर्घटना का खतरा बना हुआ है. ग्रामीणों ने चेतावनी दी कि यदि जल्द पुल के किनारे की स्थिति नहीं सुधारी गई, तो वे सड़क पर उतरकर आंदोलन करने को बाध्य होंगे.
