Gaya Ji News : संत शिरोमणि गुरु रविदास महाराज के 650वें जन्म वर्ष के उपलक्ष्य में बिहार सरकार द्वारा संचालित समरसता संकल्प अभियान के तहत डुमरिया प्रखंड की सेवरा पंचायत के बिकुआ कला अनुसूचित जाति टोला में संत रविदास विकास शिविर का आयोजन किया गया.
शिविर का उद्देश्य पात्र अनुसूचित जाति परिवारों को सरकार की विभिन्न कल्याणकारी योजनाओं से शत-प्रतिशत आच्छादित करना था.
विभिन्न योजनाओं के लिए प्राप्त आवेदन
डुमरिया बीडीओ पंकज कुमार ने बताया कि जिला पदाधिकारी के निर्देश पर आयोजित शिविर में विभिन्न योजनाओं के लिए कुल 79 आवेदन प्राप्त हुए. इनमें मनरेगा के लिए तीन, आवास योजना के सात, राशन के तीन, गैस के दो, लेबर कार्ड के दो तथा बासगीत पर्चा के लिए 56 आवेदन शामिल हैं.
मौके पर ही किया गया आवेदनों का समाधान
शिविर में मौजूद पदाधिकारियों एवं कर्मियों ने प्राप्त आवेदनों की जांच करते हुए कई मामलों का मौके पर ही समाधान किया तथा पात्र लाभार्थियों को योजनाओं का लाभ दिलाने की प्रक्रिया पूरी की.
योजनाओं का हक द्वार तक पहुंचाना उद्देश्य
बीडीओ ने कहा कि शिविर का मुख्य उद्देश्य पात्र अनुसूचित जाति परिवारों की पहचान कर उन्हें सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं से जोड़ना और उनका हक उनके द्वार तक पहुंचाना है.
प्रशासन और जनता के बीच सीधा संवाद
उन्होंने कहा कि संत रविदास विकास शिविर प्रशासन और आम लोगों के बीच सीधे संवाद तथा समस्याओं के त्वरित समाधान का प्रभावी माध्यम बन रहे हैं.
कार्यक्रम में कई प्रतिनिधि और ग्रामीण रहे उपस्थित
कार्यक्रम में प्रखंड समन्वयक बीरबल कुमार, पीओ निर्भय कुमार, सेवरा पंचायत के मुखिया सियावर कुमार रजक, पंचायत सचिव कमलेश कुमार, पीआरएस ब्रजभूषण कुमार, विकास मित्र गीता देवी समेत काफी संख्या में ग्रामीण मौजूद थे.
