गयाजी कोंच से श्रीनिवास
Gayaji News: गयाजी के कोंच प्रखंड के दीघी गांव में आयोजित डीपीएल सीजन-3 नाइट क्रिकेट टूर्नामेंट का सोमवार सुबह भव्य समापन हो गया. कभी नक्सल प्रभावित क्षेत्र के रूप में पहचान रखने वाला दीघी गांव अब खेल और युवाओं की सकारात्मक ऊर्जा का केंद्र बनता दिख रहा है. प्रतियोगिता में विभिन्न गांवों की कुल 32 टीमों ने भाग लेकर खेल प्रतिभा का शानदार प्रदर्शन किया.
फाइनल में टिकारी किला ने मारी बाजी
टूर्नामेंट के रोमांचक फाइनल मुकाबले में चैनपुरा की टीम ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 78 रन का लक्ष्य निर्धारित किया. जवाब में टिकारी किला की टीम ने शानदार बल्लेबाजी का प्रदर्शन करते हुए मात्र दो विकेट खोकर लक्ष्य हासिल कर लिया और डीपीएल सीजन-3 का खिताब अपने नाम कर लिया.
विजेता और उपविजेता टीम को मिला पुरस्कार
विजेता टिकारी किला टीम को ट्रॉफी के साथ 11 हजार रुपये नकद पुरस्कार प्रदान किया गया. वहीं उपविजेता चैनपुरा टीम को रनर-अप ट्रॉफी एवं 5100 रुपये की पुरस्कार राशि देकर सम्मानित किया गया.
अभिषेक बने मैन ऑफ द सीरीज
पूरे टूर्नामेंट में उत्कृष्ट प्रदर्शन के लिए चैनपुरा के खिलाड़ी अभिषेक शर्मा को मैन ऑफ द सीरीज चुना गया. उन्हें पुरस्कार स्वरूप स्मार्ट वॉच और ट्रॉफी प्रदान की गई. वहीं फाइनल मुकाबले में शानदार खेल दिखाने वाले टिकारी किला के रौकी कुमार को मैन ऑफ द मैच का पुरस्कार मिला.
खेल से बदल रही क्षेत्र की पहचान
समापन समारोह में वरिष्ठ नागरिक रामजन्म शर्मा, रामानुज शर्मा, श्याम दर्शन शर्मा उर्फ गुड्डू सिंह,पूर्व जिला परिषद सदस्य राहुल कुमार, मोती सिंह, हम पार्टी नेता अजीत कुमार, निर्भय कुमार सहित कई गणमान्य लोग मौजूद रहे. वक्ताओं ने कहा कि खेल प्रतियोगिताएं युवाओं को सकारात्मक दिशा देने के साथ सामाजिक समरसता और भाईचारे को भी मजबूत करती हैं. दीघी में सफल आयोजन ने क्षेत्र की नई पहचान बनाने का काम किया है.
