Gaya Ji Crime News : युवा पीढ़ी वर्तमान में मोबाइल व इंटरनेट का काफी दुरुपयोग कर रही है, जिससे सामाजिक संरचना के साथ लोक-लाज समाप्त होती जा रही है. ऐसा ही एक मामला सामने आया है, जहां एक युवक व युवती की बातचीत इंस्टाग्राम एवं फेसबुक के माध्यम से शुरू हुई. जान-पहचान बढ़ने के बाद दोनों शनिवार को मानपुर के एक निजी होटल में पहुंचे, जहां युवक ने युवती के साथ शारीरिक संबंध बनाया.
इस दौरान जब युवती की तबीयत अचानक बिगड़ गई, तो उसे तुरंत उपचार के लिए जय प्रकाश नारायण अस्पताल ले जाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद उसकी गंभीर स्थिति को देखते हुए अनुग्रह नारायण मगध मेडिकल अस्पताल रेफर कर दिया गया.
आरोपित युवक को पुलिस ने दबोचा
इधर, घटना की जानकारी मिलते ही पीड़िता के परिवार वालों ने युवक के खिलाफ बहला-फुसलाकर दुष्कर्म करने का एक नामजद मामला मुफस्सिल थाने में दर्ज कराया. मामला दर्ज होने के बाद पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपित युवक को गया शहर के छोटकी डेल्हा इलाके से घेराबंदी कर गिरफ्तार कर लिया. गिरफ्तार आरोपित 22 वर्षीय सोनू कुमार को पुलिस द्वारा माननीय न्यायालय में पेश कर आगे की कानूनी कार्रवाई शुरू की गई.
पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए पीड़ित युवती की आवश्यक मेडिकल जांच कराई और उसके बाद न्यायालय में उसका धारा 164 के तहत आधिकारिक बयान दर्ज कराया गया.
आरोपित को भेजा गया जेल
इस मामले की अनुसंधानकर्ता सब इंस्पेक्टर शिवानी कुमारी ने बताया कि आरोपित युवक को न्यायालय के आदेश पर न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया है. पुलिस की शुरुआती जांच और अनुसंधान में यह बात पूरी तरह साफ हुई है कि लड़का व लड़की की बातचीत सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म इंस्टाग्राम से शुरू हुई थी और धीरे-धीरे दोनों में जान-पहचान बढ़ी थी.
पुलिस जांच में यह बात भी सामने आई है कि दोनों अलग-अलग जातियों से ताल्लुक रखते हैं और अंतरजातीय हैं. पुलिस इस मामले के अन्य सभी पहलुओं की भी गहनता से जांच कर रही है.
Also Read : गया जी : UPSC पास कर शुरू किया था सफर, अब डिप्टी कमांडेंट बने अमित कुमार
