Sawan Mahotsav: तैलिक साहू सभा के तत्वावधान में तैलिक साहू भवन, टेकारी रोड में सावन महोत्सव का आयोजन किया गया. कार्यक्रम का शुभारंभ गया जिला तैलिक साहू सभा के अध्यक्ष अजय साव ने दीप प्रज्वलित कर किया. इस दौरान भगवान शंकर एवं माता पार्वती की मनमोहक झांकी निकाली गयी, जिसने उपस्थित लोगों का मन मोह लिया.
महिलाओं ने बढ़-चढ़कर लिया हिस्सा
सावन महोत्सव में समाज की महिलाओं एवं मातृशक्ति ने बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया. कार्यक्रम में शिव वंदना, सावन गीत और विभिन्न सांस्कृतिक कार्यक्रमों का आयोजन किया गया. इसके अलावा मेहंदी प्रतियोगिता, सावन क्वीन, बेस्ट ग्रीन ड्रेस और मनोरंजक खेल सहित कई प्रतियोगिताएं भी आयोजित की गयीं.
प्रतिभागियों को पुरस्कार देकर किया सम्मानित
विभिन्न प्रतियोगिताओं में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाली प्रतिभागियों को पुरस्कार एवं उपहार देकर सम्मानित किया गया. कार्यक्रम के दौरान महिलाओं और अन्य प्रतिभागियों ने उत्साह के साथ हिस्सा लिया. सावन महोत्सव में बड़ी संख्या में समाज की महिलाएं शामिल रहीं.
210 दिनों में 12 ज्योतिर्लिंग और चार धाम की यात्रा
सावन महोत्सव के दौरान समाज के नौ वर्षीय होनहार बच्चे यश राज को विशेष रूप से सम्मानित किया गया. यश राज ने साइकिल से भ्रमण करते हुए मात्र 210 दिनों में 12 ज्योतिर्लिंग एवं चार धाम की यात्रा पूरी कर अद्भुत उपलब्धि हासिल की है. उनकी इस उपलब्धि पर कार्यक्रम में मौजूद लोगों ने हर्ष जताया और उन्हें सम्मानित कर उत्साह बढ़ाया.
इसे भी पढ़ें: सीवान जेल में बंद कैदी की संदिग्ध परिस्थिति में मौत, सांस लेने में तकलीफ के बाद अस्पताल ले जाते समय तोड़ा दम
