गया जी के शेरघाटी थाना क्षेत्र में छेड़छाड़ का विरोध करने पर परिजनों के साथ मारपीट करने और घर से नकदी व सोने के जेवरात चुराने के मामले में पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए एक मुख्य आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है.
गिरफ्तार किए गए आरोपी की पहचान देवनपुर गांव निवासी योगेंद्र यादव के रूप में की गई है. वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (एसएसपी) की ओर से जारी प्रेस विज्ञप्ति के अनुसार, गत 20 जून 2026 को पीड़िता द्वारा शेरघाटी थाने में लिखित आवेदन देकर इस घटना की शिकायत दर्ज कराई गई थी.
शिकायत में पीड़िता ने बताया था कि वह सुबह के वक्त शौच के लिए अपने घर से बाहर गई हुई थी. इसी दौरान रास्ते में एक व्यक्ति ने उसके साथ छेड़छाड़ की. जब इस शर्मनाक हरकत की जानकारी परिजनों को मिली, तो उन्होंने इसका कड़ा विरोध किया.
लोहे की रॉड से हमला और चोरी का आरोप
आरोप है कि विरोध जताने पर योगेंद्र यादव अपने अन्य सहयोगियों के साथ वहां लाठी-डंडों और हथियारों के साथ पहुंच गया और गाली-गलौज करने लगा.
इसके बाद आरोपियों ने जान से मारने की नीयत से परिजनों पर हमला कर दिया और लोहे की रॉड से मारकर उन्हें गंभीर रूप से घायल कर दिया. सिर्फ इतना ही नहीं, पीड़िता ने अपने आवेदन में यह भी आरोप लगाया कि उपद्रव के दौरान आरोपी घर में घुस गए और बक्से में रखे नगद रुपये तथा सोने के आभूषण भी चुराकर ले गए.
पुलिस की विशेष छापेमारी जारी
इस मामले में घटना के दिन यानी 20 जून को ही शेरघाटी थाने में कांड संख्या 278/26 दर्ज कर पुलिस ने गहन छानबीन शुरू कर दी थी.
Also Read : गया में लॉयंस क्लब का निःशुल्क चिकित्सा शिविर, 80 मरीजों की जांच-इलाज; दवाएं और ECG की भी सुविधा
फरार और वांछित आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत पुलिस ने मुख्य आरोपी योगेंद्र यादव को दबोच लिया है. पुलिस अधिकारियों का कहना है कि इस घटना में शामिल अन्य फरार आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए भी लगातार छापेमारी की जा रही है.
