गया जी : शेरघाटी में गैरेज संचालक से फिर मांगी 50 लाख की रंगदारी, रकम नहीं देने पर जान से मारने की धमकी

शेरघाटी में दो साल पुराने मामले के बाद अब गैरेज संचालक से 50 लाख की रंगदारी मांगी गई है। पुलिस की कार्यशैली पर उठ रहे हैं सवाल, जानें क्या है पूरा मामला।

प्रतिनिधि, शेरघाटी. शेरघाटी में दो साल पुराने रंगदारी मामले में कार्रवाई नहीं होने के बीच उसी गैरेज संचालक से दोबारा 50 लाख रुपये रंगदारी मांगने का मामला सामने आया है. रकम नहीं देने पर अज्ञात व्यक्ति ने गैरेज संचालक को जान से मारने की धमकी दी. पीड़ित हमजापुर निवासी मो. असगर हुसैन ने गुरुवार को शेरघाटी थाने में शिकायत दर्ज करायी है.

मोबाइल पर आया धमकी भरा फोन

मो. असगर हुसैन नई बाजार में बूढ़ी नदी पुल के पास मोटर मैकेनिक गैरेज चलाते हैं. उन्होंने पुलिस को बताया कि 12 अगस्त की दोपहर करीब साढ़े 12 बजे उनके मोबाइल पर अज्ञात व्यक्ति ने फोन किया. फोन करने वाले ने 50 लाख रुपये की रंगदारी मांगी और रकम नहीं देने पर गंभीर परिणाम भुगतने तथा जान से मारने की धमकी दी. पीड़ित ने बातचीत की रिकॉर्डिंग भी होने की बात पुलिस को बतायी है.

2024 में भी मांगी गयी थी 20 लाख की रंगदारी

असगर हुसैन के मुताबिक, इससे पहले 3 मई 2024 को भी उनसे 20 लाख रुपये रंगदारी मांगी गयी थी. उस मामले में उन्होंने शेरघाटी थाने में प्राथमिकी दर्ज करायी थी. उनका आरोप है कि करीब दो वर्ष बीतने के बावजूद मामले में कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई. अब दोबारा 50 लाख रुपये की रंगदारी मांगे जाने के बाद पुलिस की कार्रवाई पर भी सवाल उठ रहे हैं.

पुराने मामले की भी जांच करेगी पुलिस

शेरघाटी थानाध्यक्ष प्रमोद कुमार ने बताया कि पुराने रंगदारी मामले की जांच एक महिला सब इंस्पेक्टर के जिम्मे थी, जिनका तबादला हो चुका है. उनके द्वारा अभी तक केस का चार्ज नहीं दिया गया है. उन्होंने कहा कि वर्तमान शिकायत की बारीकी से जांच की जा रही है और पुराने मामले की भी जानकारी ली जाएगी.

धमकी देने वाले की पहचान में जुटी पुलिस

पुलिस अब फोन करने वाले व्यक्ति की पहचान और रंगदारी मांगने के पीछे के कारणों की जांच कर रही है. शिकायत में बतायी गयी फोन कॉल और रिकॉर्डिंग समेत अन्य बिंदुओं को जांच का हिस्सा बनाया गया है. पुलिस का कहना है कि मामले की जांच के बाद आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी.

गया जी : बांकेबाजार में शराब के साथ एक गिरफ्तार, लुटुआ पुलिस ने छापेमारी कर पकड़ा


प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी

लेखक के बारे में

By Prabhat khabar news desk

यह प्रभात खबर का न्यूज डेस्क है। इसमें बिहार-झारखंड-ओडिशा-दिल्‍ली समेत प्रभात खबर के विशाल ग्राउंड नेटवर्क के रिपोर्ट्स के जरिए भेजी खबरों का प्रकाशन होता है।
Read More
ePaper

अपने दैनिक समाचार अनुभव को और बेहतरीन बनाएं

सिर्फ ₹399 ₹149

एक साल के लिए

आज ही सब्सक्राइब करें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >