Gaya Ji Seasonal Diseases : बारिश कम होने के साथ सावन माह में शरीर जलाने वाली गर्मी से हर कोई परेशान दिख रहा है. इस मौसम की चपेट में आकर लोग बीमार होकर बड़ी संख्या में इलाज कराने अस्पताल पहुंच रहे हैं, क्योंकि बदलते मौसम का असर लोगों की सेहत पर साफ दिखाई देने लगा है.
अस्पतालों की ओपीडी और इमरजेंसी में उमड़ रही भीड़
मगध मेडिकल के साथ सदर हॉस्पिटल की ओपीडी में इन दिनों खांसी-जुकाम, बुखार, गले में संक्रमण, चर्म रोग और आंखों से जुड़ी समस्याओं के मरीजों की संख्या में भारी बढ़ोतरी देखी जा रही है. अस्पताल में सबसे अधिक भीड़ जनरल और चर्म रोग ओपीडी में दिखायी दे रही है.
अस्पतालों में रोजाना पहुंच रहे मरीजों के आंकड़े
मगध मेडिकल अस्पताल में देखा जाये, तो हर दिन इमरजेंसी में 110 से अधिक मरीज पहुंच रहे हैं, तो ओपीडी में विभिन्न विभागों के मरीजों की संख्या 1500 से पार कर रही है. वहीं, सदर हॉस्पिटल के इमरजेंसी में 40-50 तो ओपीडी में 700 से अधिक मरीज पहुंच रहे हैं. डॉक्टरों ने बताया कि बारिश कम होने व गर्मी अधिक रहने के चलते कई लोगों के शरीर में पुरानी बीमारियां भी बढ़ जाती हैं.
स्वास्थ्य विभाग की तैयारी और बेहतर व्यवस्था
डॉक्टरों के अनुसार, थोड़ी सी सावधानी बरत कर इन मौसमी बीमारियों से काफी हद तक बचा जा सकता है. स्वास्थ्य डीपीएम नीलेश कुमार ने बताया कि हाल के दिनों में अस्पतालों में बेहतर व्यवस्था होने के चलते लोगों का विश्वास बढ़ा है और सामान्य बीमारी को लेकर भी लोग सरकारी अस्पतालों में इलाज कराने पहुंच रहे हैं.
Also Read : गया जी : रक्षाबंधन को लेकर रविवार को भी खुला रहेगा डाकघर, राखी की बुकिंग और डिलीवरी की मिलेगी सुविधा
मुफ्त जांच और दवा की उपलब्धता
स्वास्थ्य डीपीएम ने जानकारी दी कि अस्पतालों में जांच की सुविधा के साथ-साथ मुफ्त दवा भी दी जा रही है. हर तरह की विषम परिस्थिति से निबटने की पूरी तैयारी सभी अस्पतालों में पहले से करके रखी गयी है ताकि मरीजों को किसी प्रकार की असुविधा न हो.
