गया में फिर बंद हुए स्कूल, इस दिन तक आठवीं तक की कक्षाएं स्थगित, डीएम का आदेश जारी

Gaya School Closed: गया डीएम ने भीषण गर्मी को देखते हुए एक बार फिर स्कूलों को बंद कर दिया है. डीएम ने आदेश जारी कर आठवीं तक की कक्षाएं 31 मई तक स्थगित कर दिया है.

Gaya School Closed: गया से हरीबंश कुमार की रिपोर्ट

जिले में लगातार बढ़ रही भीषण गर्मी और लू के प्रकोप को देखते हुए जिला प्रशासन ने बड़ा निर्णय लिया है. डीएम शशांक शुभंकर ने विद्यार्थियों की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए जिले के सभी सरकारी और गैर सरकारी विद्यालयों, प्री-स्कूल, आंगनबाड़ी केंद्रों और कोचिंग संस्थानों में शैक्षणिक गतिविधियों पर आंशिक प्रतिबंध लगाने का आदेश जारी किया है.

आठवीं तक की पढ़ाई पूरी तरह स्थगित

जारी आदेश के अनुसार कक्षा आठवीं तक की सभी शैक्षणिक गतिविधियां पूरी तरह स्थगित रहेंगी. वहीं कक्षा 9वीं से 12वीं तक की कक्षाओं का संचालन केवल सुबह 11 बजे तक ही किया जा सकेगा. इसके बाद किसी भी प्रकार की शैक्षणिक गतिविधि संचालित करने पर रोक रहेगी.

पहले पांचवीं तक था प्रतिबंध, अब बढ़ाया गया दायरा

इससे पहले जिला प्रशासन द्वारा 25 मई तक पांचवीं कक्षा तक की शैक्षणिक गतिविधियों को स्थगित किया गया था. लेकिन लगातार बढ़ते तापमान और लू की स्थिति को देखते हुए अब प्रतिबंध का दायरा बढ़ाकर आठवीं कक्षा तक कर दिया गया है .जिला प्रशासन की ओर से जारी यह आदेश 26 मई से 31 मई 2026 तक प्रभावी रहेगा.

बच्चों के स्वास्थ्य को लेकर प्रशासन सतर्क

प्रशासन ने अभिभावकों से भी अपील की है कि वे बच्चों को तेज धूप और गर्मी से बचाने के लिए जरूरी सावधानी बरतें. डीएम शशांक शुभंकर ने कहा कि अत्यधिक गर्मी और लू के कारण बच्चों के स्वास्थ्य और जीवन पर प्रतिकूल प्रभाव पड़ने की आशंका है. इसी को ध्यान में रखते हुए यह फैसला लिया गया है. उन्होंने सभी विद्यालय प्रबंधन को आदेश का सख्ती से पालन सुनिश्चित करने का निर्देश दिया है.

Also Read: गया में महिला सिपाही के घर दूसरी बार चोरों का धावा, थाना के पीछे वारदात से इलाके में दहशत

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

Published by: Sakshi kumari

साक्षी देश के प्रथम राष्ट्रपति डॉ. राजेंद्र प्रसाद की धरती सीवान से आती हैं. पत्रकारिता में करियर की शुरुआत News4Nation के साथ की. 3 सालों तक डिजिटल माध्यम से पत्रकारिता करने के बाद वर्तमान में प्रभात खबर डिजिटल के साथ कंटेंट राइटर के रूप में कार्यरत हैं. बिहार की राजनीति में रुचि रखती हैं. हर दिन नया सीखने के लिए इच्छुक रहती हैं.

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >