गया रेलवे स्टेशन परिसर में गुरुवार को रेलवे सुरक्षा बल (आरपीएफ) पोस्ट गया की ओर से जनजागरूकता अभियान चलाया गया. डेल्हा वेटिंग हॉल, डेल्हा सर्कुलेटिंग एरिया और दिल्ली फुट ओवरब्रिज के पास अभियान के दौरान यात्रियों को सुरक्षित रेल यात्रा के लिए आवश्यक सावधानियों की जानकारी दी गयी.
वैध टिकट के साथ स्टेशन प्रवेश और एफओबी के सही इस्तेमाल की अपील
आरपीएफ इंस्पेक्टर बनारसी यादव और रेल थानाध्यक्ष शिवकुमार व अन्य जवानों ने यात्रियों से वैध यात्रा टिकट अथवा प्लेटफॉर्म टिकट के साथ ही स्टेशन परिसर में प्रवेश करने की अपील की. फुट ओवरब्रिज का इस्तेमाल केवल प्लेटफॉर्म पर आने-जाने और स्टेशन से बाहर निकलने के लिए करने और वहां अनावश्यक भीड़ या जाम नहीं लगाने की सलाह दी गयी.
महिला, बुजुर्ग यात्रियों को प्राथमिकता देने और संदिग्ध वस्तु की सूचना देने का संदेश
यात्रियों से महिला, बुजुर्ग और बीमार यात्रियों को प्राथमिकता देने तथा चढ़ते-उतरते समय किसी को धक्का नहीं देने की अपील की गयी.
अभियान के दौरान यात्रियों को अपने सामान की सुरक्षा के प्रति सतर्क रहने और किसी संदिग्ध व्यक्ति या वस्तु की सूचना तत्काल आरपीएफ या जीआरपी को देने को कहा गया. साथ ही ट्रेनों पर पत्थरबाजी नहीं करने और रेल संपत्ति की सुरक्षा में सहयोग करने की अपील की गयी.
ट्रैक पर सेल्फी और रील बनाने से बचने की सख्त हिदायत
आरपीएफ ने यात्रियों को रेलवे ट्रैक पर खड़े होकर सेल्फी लेने और प्रतिबंधित स्थानों पर रील या वीडियो बनाने से बचने की सलाह दी. चलती ट्रेन में चढ़ने-उतरने से बचने तथा ट्रेन के निर्धारित समय से पहले स्टेशन पहुंचने को कहा गया.
रेलवे हेल्पलाइन नंबर 139 के उपयोग की दी गई जानकारी
किसी आपराधिक गतिविधि की जानकारी मिलने पर तत्काल आरपीएफ/जीआरपी को सूचित करने और किसी समस्या या शिकायत के लिए रेलवे हेल्पलाइन नंबर 139 का उपयोग करने की जानकारी दी गयी. अभियान के दौरान यात्रियों को संदेश दिया गया कि “सुरक्षित रेल यात्रा, हम सभी की जिम्मेदारी है.”
