आगामी पितृपक्ष मेला के दौरान आने वाले लाखों देश-विदेश के तीर्थयात्रियों की सुरक्षा और स्वास्थ्य सुविधाओं को और अधिक मजबूत करने के लिए जिला प्रशासन द्वारा एक सराहनीय पहल की गई है. रेडक्रॉस परिसर में विशेष रूप से प्रतिनियुक्त पुलिसकर्मियों को स्वास्थ्य से संबंधित आपातकालीन परिस्थितियों से प्रभावी ढंग से निबटने के लिए विशेष व्यावहारिक प्रशिक्षण दिया गया. सिटी एसपी अभिनव के विशेष प्रयासों और पहल पर इस प्रशिक्षण शिविर का आयोजन किया गया था.
इस विशेष प्रशिक्षण का मुख्य उद्देश्य पितृपक्ष मेला के अवसर पर ड्यूटी पर तैनात रहने वाले पुलिसकर्मियों को स्वास्थ्य संबंधी आपातकालीन स्थितियों में प्राथमिक उपचार (फर्स्ट एड) देकर तीर्थयात्रियों को तत्काल सहायता उपलब्ध कराना और उनके बहुमूल्य जीवन को बचाना है.
इसके लिए सिटी एसपी द्वारा विशेष रूप से ऐसे पुलिसकर्मियों का चयन किया गया था, जिन्हें पहले से नर्सिंग या स्वास्थ्य सेवा से जुड़ा कुछ प्रारंभिक अनुभव था.
यह अनूठा प्रयास अत्यंत सराहनीय है, क्योंकि मेले की भारी भीड़भाड़ के दौरान यदि किसी तीर्थयात्री की अचानक तबीयत बिगड़ जाती है, तो ये प्रशिक्षित पुलिसकर्मी अपने नियमित पुलिस कर्तव्यों के अतिरिक्त प्राथमिक चिकित्सा देकर लोगों की जान बचा सकते हैं.
डॉक्टरों के दल ने पुलिसकर्मियों के सवालों के दिए जवाब
प्रशिक्षण सत्र के उपरांत उपस्थित सभी पुलिसकर्मियों की ओर से पूछे गए हर सवाल का विशेषज्ञ चिकित्सकों की टीम द्वारा बेहद सरल और संतोषजनक उत्तर दिया गया.
प्रशिक्षण देने वाले चिकित्सकों के प्रमुख दल में रेड क्रॉस ब्लड सेंटर के संयोजक डॉ. प्रदीप कुमार अग्रवाल, डॉ. अशोक डिडवानिया, डॉ. प्रभात कुमार सिन्हा और डॉ. अंबुज कुमार शामिल रहे, जिन्होंने बहुत ही रोचक और व्यावहारिक अंदाज में पुलिसकर्मियों को आपातकालीन चिकित्सा के गुर सिखाए.
Also Read : गया : बांकेबाजार में SDO का सख्त निर्देश, कहा- लोगों को कार्यालय के चक्कर न लगवाएं, लंबित काम जल्द निपटाएं
इस महत्वपूर्ण कार्यक्रम के अवसर पर रेड क्रॉस के वाइस चेयरमैन डॉ. राम सरेख सिंह एवं सचिव डॉ. तनवीर उस्मानी भी विशेष रूप से मौजूद रहे और पुलिसकर्मियों का हौसला बढ़ाया.
