बोधगया. मगध विश्वविद्यालय स्थित स्नातकोत्तर गृह विज्ञान विभाग के पुरातन छात्र परिषद की ओर से शुक्रवार को अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस की पूर्व संध्या पर सम्मान समारोह सह महिलाओं के साथ बढ़ रहे अत्याचार की रोकथाम पर विशेष व्याख्यान का आयोजन किया गया. स्वागत उद्बोधन में विभागध्यक्ष डॉ दीपशिखा पांडेय ने मुख्य अतिथि का संक्षिप्त परिचय कराते हुए कहा कि प्रतिभाशाली छात्राओं की बदौलत गृह विज्ञान विभाग उत्तरोत्तर विकास की ओर उन्मुख है. हमारे विभाग की शोधार्थी छात्राएं नित्य दिन नवीन प्रयोग कर विश्वविद्यालय को उच्च शिखर पर ले जा रहे हैं. मुख्य अतिथि वन स्टॉप सेंटर के प्रोजेक्ट मैनेजर आरती कुमारी ने छात्राओं को संबोधित करते हुए कहा कि कोई भी राष्ट्र या समाज महिलाओं की उन्नति एवं प्रगति के बगैर समृद्ध तथा विकसित नहीं हो सकता. महिलाओं की दुर्दशा के लिए महिलाएं ही काफी हद तक जिम्मेदार हैं.
अत्याचार व प्रताड़ना पर टोल फ्री नंबर 181 व व्हाट्सएप नंबर 9771468011 पर मैसेज कर करें
वन स्टॉप सेंटर के क्रियाकलापों की चर्चा करते हुए छात्राओं से प्रोजेक्ट मैनेजर ले कहा कि कार्य स्थलों पर किसी भी तरह की अत्याचार और हिंसा होती है तो बेहिचक होकर टोल फ्री नंबर 181 एवं व्हाट्सएप नंबर 9771468011 पर मैसेज कर शिकायत भी कर सकती हैं. उनकी समस्याओं का त्वरित समाधान होगा. वन स्टॉप सेंटर पीड़ित महिलाओं के मान- सम्मान, स्वाभिमान और सुरक्षा के लिए कार्य कर रही है. महिलाएं घरेलू हिंसा से डरे नहीं बल्कि डंटकर इसका मुकाबला करें. कलेक्ट्रेट में वन स्टॉप सेंटर द्वारा एक छत के नीचे पीड़ित और शोषित महिलाओं को न्याय दी जा रही है. केंद्र के माध्यम से निशुल्क कानूनी और परामर्श सेवाएं, पुलिस सहायता, चिकित्सकीय सुविधाएं देकर पीड़ित महिलाओं को काउंसलिंग करायी जाती है.
डिस्क्लेमर: यह प्रभात खबर समाचार पत्र की ऑटोमेटेड न्यूज फीड है. इसे प्रभात खबर डॉट कॉम की टीम ने संपादित नहीं किया है
