Gaya News. गया जी. इन दिनों शाही लीची बाजार में पहुंचकर फल दुकानों की शोभा बढ़ा रही है. हालांकि, कुछ दिन पहले से साधारण लीची भी बाजार में आने लगी है. इसके दाम 150 से 200 रुपये प्रति किलो तक रहे हैं. इसके विपरीत शाही लीची लोगों को लुभाने के साथ जेब भी ढीली कर रही है. शाही लीची 400 रुपये प्रति किलो तक बिक रही है. बाजार में शाही लीची के गुच्छों को देखकर लोग इसका भाव पूछ रहे हैं. बीते दिनों हुई बारिश ने लीची के स्वाद और गुणवत्ता को और बेहतर बना दिया है. इसके साथ ही व्यापारियों में अच्छे कारोबार की उम्मीद जगी है. दुकानदारों ने बताया कि आम तौर पर लोग पहले-पहल दाम सुनकर आगे बढ़ जाते हैं, लेकिन जब स्वाद का चस्का लगता है तो इसके दाम देने में भी पीछे नहीं हटते हैं. दाम अधिक होने के चलते शाही लीची कम जगहों पर बड़े फल दुकानों में ही मिल रही है. दुकानदारों ने बताया कि वे हर दिन खपत के अनुरूप ही शाही लीची मंगाते हैं. अधिक दिनों तक इसे संजोकर नहीं रखा जा सकता है.
लीची हर किसी को पंसद
लोगों ने बताया कि लीची को देखकर ही मुंह में पानी आने लगता है. अधिक बारिश होने के बाद इसकी मिठास और बढ़ जाती है. बच्चे से लेकर हर उम्र के लोग इसे खाने में परहेज नहीं करते हैं. इस मौसम में सबसे अधिक बिक्री लीची की ही होती है. केदारनाथ मार्केट के दुकानदारों ने बताया कि शाही के अलावा अन्य लीची की बिक्री भी अच्छी रही है.
