Gaya News : भीषण गर्मी, लू और संभावित आपदा को देखते हुए गया नगर निगम ने शहरवासियों को राहत देने के लिए 24 अस्थायी स्थानों पर पनशाला शुरू की है. इन पनशालाओं के माध्यम से राहगीरों, मजदूरों, रिक्शा चालकों, यात्रियों और आम लोगों को नि:शुल्क शुद्ध पेयजल उपलब्ध कराया जा रहा है.
नगर आयुक्त अभिषेक पलासिया ने बताया कि बढ़ते तापमान और हीटवेव को ध्यान में रखते हुए यह व्यवस्था की गई है, ताकि लोगों को गर्मी से राहत मिल सके और डिहाइड्रेशन जैसी समस्याओं से बचाव हो सके. उन्होंने कहा कि सभी पनशालाओं पर नियमित रूप से पेयजल उपलब्ध कराने और साफ-सफाई बनाए रखने के निर्देश दिए गए हैं.
शहर के इन जगहों पर पनशालाएं स्थापित
भीषण गर्मी और लू से राहत देने के लिए शहर में 24 स्थानों पर पनशालाएं स्थापित की गई हैं, जहां राहगीरों को नि:शुल्क शुद्ध पेयजल उपलब्ध कराया जा रहा है. इन पनशालाओं में सरकारी बस स्टैंड, खिलशा पार्क के निकट, गांधी मैदान रैन बसेरा (एक और तीन), समाहरणालय के पास, नगर निगम कार्यालय गेट के पास, जरी के निकट, दीघी तालाब के पास, मिर्जा ग़ालिब कॉलेज मोड़ के निकट, आशा सिंह मोड़ के निकट, डहिया तीन मोड़ के पास, आजाद पार्क, नई गोदाम मोड़, पंचायती अखाड़ा रैन बसेरा (संख्या छह), टशन रोड टावर के निकट, जेपीएन अस्पताल, भवानी अस्पताल, चांद चौरा, विष्णुपद पार्किंग, देवघाट, सीताकुंड, बाइपास पुल के पास हनुमान मंदिर, राय काशीनाथ मोड़ सहित अन्य स्थान शामिल हैं.
लोगों से अपील पर्याप्त मात्रा में पानी पीते रहे
नगर निगम प्रशासन ने लोगों से अपील की है कि अत्यधिक गर्मी के दौरान अनावश्यक रूप से घर से बाहर निकलने से बचें, पर्याप्त मात्रा में पानी पीते रहें और लू से बचाव के लिए आवश्यक सावधानियां बरतें.
गर्मी से राहत के लिए जरूरी कदम उठाए जा रहे
नगर निगम की ओर से आपदा प्रबंधन के तहत अन्य आवश्यक व्यवस्थाओं पर भी लगातार नजर रखी जा रही है. नगर आयुक्त ने कहा कि जनहित को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए गर्मी के मौसम में लोगों को राहत पहुंचाने के लिए सभी जरूरी कदम उठाए जा रहे हैं और पनशालाओं का संचालन लगातार जारी रहेगा.
Also Read: साक्ष्य नहीं मिले, 22 साल पुराने मामले में छह आरोपियों को बरी किया गया
