Gaya news ( प्रमोद कुमार) : गया जिले के लुटुआ थाना क्षेत्र में सोमवार को सुरक्षा बलों ने नक्सलियों की बड़ी साजिश को विफल कर दिया. नागोबार कैम्प डी/215 बटालियन सीआरपीएफ एवं स्थानीय पुलिस की संयुक्त सर्च अभियान के दौरान पांच किलो वजन का प्रेशर मैकेनिज्म आईईडी बरामद कर उसे सुरक्षित तरीके से निष्क्रिय कर दिया. जानकारी के अनुसार, कमांडेंट विनोद कुमार मोहरिल के निर्देश पर सुबह पांच बजे साडो अभियान चलाया गया. अभियान के तहत नागोबार कैम्प से गुलरिया तरी होते हुए सिंघवा जंगल की पहाड़ी क्षेत्र में सर्च ऑपरेशन चलायी जा रही थी.
बीप की आवाज ने खोला राज, जमीन में दबा आईईडी बम किया गया निष्क्रिय
सर्च के दौरान बीडीडीएस उपकरण से बीप की आवाज सुनाई दी. इसके बाद जवानों ने संदिग्ध स्थान की खुदाई की, जहां जमीन के नीचे दबा एक प्रेशर मैकेनिज्म आईईडी मिला. जवानों ने तत्परता दिखाते हुए मौके पर ही बम को सुरक्षित ढंग से निष्क्रिय कर दिया. अधिकारियों का मानना है कि अज्ञात नक्सलियों ने सुरक्षा बलों को नुकसान पहुंचाने की नीयत से विस्फोटक लगाया था. इस कार्रवाई के बाद इलाके में सर्च अभियान और तेज कर दिया गया है. सीआरपीएफ और पुलिस की संयुक्त कार्रवाई से क्षेत्र में संभावित बड़ी घटना टल गयी.
Also Read : Sasaram News : लहेरी पंचायत में सहयोग शिविर आयोजित, ग्रामीणों की समस्याओं के त्वरित समाधान पर जोर
