गया के डुमरिया में ज़मीनी विवाद को लेकर दो पक्षों में खूनी संघर्ष, 5 घायल, 2 की हालत नाजुक

Gaya news: गया के डुमरिया प्रखंड में बुधवार को ज़मीन के सर्वे के दौरान दो गुटों में हिंसक झड़प हो गई. बोधी बिगहा गांव में हुए इस संघर्ष में 5 लोग लहूलुहान हो गए, जिनमें से दो की हालत गंभीर होने पर उन्हें गया रेफर किया गया है. पुलिस मामले की जांच में जुटी है.

Gaya news(मनोज मिश्रा):  गया जिले के डुमरिया प्रखंड अंतर्गत बोधी बिगहा गांव में बुधवार को ज़मीनी विवाद ने हिंसक रूप ले लिया. दो पक्षों के बीच हुई जमकर मारपीट में पाँच लोग गंभीर रूप से घायल हो गए. घटना के बाद गांव में काफी देर तक अफरा-तफरी और तनाव का माहौल बना रहा.

सर्वे के दौरान भड़की हिंसा

जानकारी के अनुसार, बोधी बिगहा गांव में विवादित जमीन पर सर्वे का कार्य चल रहा था. इसी दौरान दोनों पक्ष आमने-सामने आ गए. पहले कहासुनी हुई और देखते ही देखते लाठी-डंडे चलने लगे. बताया जाता है कि दोनों पक्षों के बीच यह विवाद लंबे समय से चल रहा है और मामला न्यायालय में विचाराधीन है.

घायलों की स्थिति और गया रेफर

ग्रामीणों के सहयोग से सभी घायलों को तुरंत प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र, डुमरिया में भर्ती कराया गया.

  • प्रथम पक्ष से घायल: अनिल कुमार सिंह और बिट्टू कुमार
  • द्वितीय पक्ष से घायल: कर्मदेव सिंह, नरेंद्र सिंह और ब्रह्मदेव सिंह

अस्पताल के  डॉ. असलम ने बताया कि पाँचों घायलों का प्राथमिक उपचार किया गया है. हालांकि, दो लोगों को सिर में गंभीर चोट आने के कारण उनकी स्थिति चिंताजनक बनी हुई है, जिन्हें बेहतर इलाज के लिए अनुग्रह नारायण मगध मेडिकल कॉलेज एवंअस्पताल, गया रेफर कर दिया गया है.

कोर्ट में चल रहा है मामला

प्रथम पक्ष की सोनम कुमारी ने बताया कि ज़मीन को लेकर मामला पहले से ही कोर्ट में है. सर्वे कार्य के दौरान दूसरे पक्ष के साथ विवाद बढ़ गया, जिसके परिणामस्वरूप यह हिंसक झड़प हुई.

क्या कहती है पुलिस?

घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस मामले की छानबीन में जुट गई है. बोधी बिगहा थानाध्यक्ष प्रियनंदन आलोक ने बताया कि मारपीट की सूचना मिली है. अभी तक किसी भी पक्ष की ओर से लिखित आवेदन प्राप्त नहीं हुआ है. पुलिस अपने स्तर से मामले की जांच कर रही है और आवेदन मिलते ही प्राथमिकी दर्ज कर कानूनी कार्रवाई की जाएगी.

Also Read:बेगूसराय में एसएलसी के नाम पर बच्चों से वसूली, बछवाड़ा के दादूपुर स्कूल का वीडियो वायरल

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

Published by: Aditya Kumar Ravi

Digital Media Journalist having more than 2 years of experience in life & Style beat with a good eye for writing across various domains, such as tech and auto beat.
और पढ़ें
Tags

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >