गया कॉलेज में परीक्षा के दौरान छात्रा ने पहली मंजिल से लगाई छलांग, मचा हड़कंप

Gaya News: गया कॉलेज में सेमेस्टर परीक्षा के दौरान एक छात्रा ने पहली मंजिल से छलांग लगा दी, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गई. छात्रा ने पूछताछ और वीडियो बनाने से घबराकर यह कदम उठाने की बात कही है. घटना के बाद एबीवीपी ने विरोध प्रदर्शन कर निष्पक्ष जांच की मांग की.

Gaya News(हरिबंश कुमार): गया कॉलेज में शुक्रवार को सेमेस्टर परीक्षा के दौरान एक छात्रा ने पहली मंजिल से छलांग लगा दी. वह पहले छज्जे पर और फिर फर्श पर गिर पड़ी, जिससे घायल हो गई. घटना के बाद कॉलेज परिसर में अफरा-तफरी मच गई. घायल छात्रा को कॉलेज प्रशासन द्वारा तत्काल इलाज के लिए अनुग्रह नारायण मगध मेडिकल कॉलेज सह अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उसका इलाज चल रहा था. बाद में शाम को उसे शहर के एक निजी नर्सिंग होम में भर्ती कराया गया.

हाथ और पैर में गंभीर चोटें

घायल छात्रा की पहचान नैना कुमारी के रूप में हुई है, जो जीबीएम कॉलेज के हिंदी विभाग की सत्र 2023-27 की छात्रा है. उसका परीक्षा केंद्र गया कॉलेज के नीतीश कुमार हॉल में निर्धारित था. अस्पताल सूत्रों के अनुसार छात्रा के कमर, हाथ और पैर में गंभीर चोटें (मल्टीपल फ्रैक्चर) आई हैं.

छात्रा ने क्या कहा

छात्रा ने बताया कि परीक्षा के दौरान उसके पास मोबाइल मिला था, जिसे उसने वीक्षक को दे दिया था. लेकिन परीक्षा के दौरान कुछ लोग कमरे में आए और मोबाइल के बारे में पूछताछ करने लगे. उसने मोबाइल लाने की बात स्वीकार की, लेकिन कदाचार (नकल) नहीं करने की बात कही. इसके बाद उसे बाहर धूप में खड़े होने के लिए कहा गया और उसका वीडियो भी बनाया जाने लगा. छात्रा के अनुसार वह घबरा गई और उसने नीचे छलांग लगा दी. उसने कहा कि उसके शरीर में काफी दर्द है और वह उठ नहीं पा रही है.

घटना की जानकारी मिलने पर जीबीएम कॉलेज के प्रोफेसर प्यारे मांझी भी अस्पताल पहुंचकर छात्रा का हालचाल लिया.

प्राचार्य का बयान: गर्मी के कारण मूर्छित होकर गिरी छात्रा

इस संबंध में प्राचार्य डॉ. सतीश सिंह चंद्र ने बताया कि प्रथम पाली की परीक्षा के दौरान छात्रा गर्मी की वजह से मूर्छित होकर छज्जे से गिर गई थी, जिससे उसके हाथ में चोट लगी है. उन्होंने कहा कि फिलहाल छात्रा का इलाज जारी है और कॉलेज में कदाचारमुक्त परीक्षा का संचालन किया जा रहा है.

मामले में निष्पक्ष जांच और दोषियों पर कार्रवाई की मांग

छात्रा द्वारा परीक्षा के दौरान भवन से छलांग लगाने की घटना को लेकर अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद (एबीवीपी) ने शुक्रवार को जोरदार विरोध प्रदर्शन किया. परिषद कार्यकर्ताओं ने गया कॉलेज मुख्य द्वार पर कॉलेज प्राचार्य का पुतला फूंका, कॉलेज प्रशासन के खिलाफ नारेबाजी की और दोषियों पर कठोर कार्रवाई की मांग की.

एबीवीपी नेताओं ने कहा कि यह घटना बेहद दुर्भाग्यपूर्ण है और शिक्षा व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े करती है. परिषद के अनुसार परीक्षा दे रही छात्रा को कॉलेज प्रशासन द्वारा मानसिक रूप से प्रताड़ित किया गया, जिसके कारण उसने यह कदम उठाया. परिषद ने इसे छात्राओं की सुरक्षा और सम्मान से जुड़ा गंभीर मामला बताया.

जीबीएम कॉलेज अध्यक्ष वैष्णवी कुमारी ने कहा कि यदि परीक्षा केंद्र में छात्राओं को मानसिक दबाव और अपमान का सामना करना पड़ रहा है, तो यह पूरे शिक्षा तंत्र के लिए शर्मनाक स्थिति है. वहीं राज्य विश्वविद्यालय सह संयोजक मैक्स अवस्थी ने कहा कि छात्राओं की सुरक्षा के साथ किसी भी प्रकार का समझौता स्वीकार नहीं किया जाएगा.

हरसंभव सहायता उपलब्ध कराने की मांग

महानगर मंत्री आदित्य मिश्रा ने पीड़ित छात्रा को समुचित उपचार, न्याय और हरसंभव सहायता उपलब्ध कराने की मांग की. विद्यार्थी परिषद ने मगध विश्वविद्यालय से इस मामले की उच्चस्तरीय एवं निष्पक्ष जांच कराने, दोषी अधिकारियों और कर्मचारियों पर तत्काल कार्रवाई करने तथा भविष्य में ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति रोकने के लिए परीक्षा केंद्रों में जवाबदेह व्यवस्था सुनिश्चित करने की मांग की है. प्रदर्शन के दौरान मोहित भदोरिया, सूरज सिंह, पवन मिश्रा, रिशु सिंह, ऋतिक रोशन, अंकित सागर, राहुल सिंह, नीरज सिंह, हरीश सिंह सहित अन्य सदस्य मौजूद थे

Also Read: SSP का बहेरा थाने में औचक निरीक्षण, व्यवस्था और अपराध नियंत्रण की हुई समीक्षा

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

Published by: Suryakant Kumar

Digital Media Journalist having more than 2 years of experience in life & Style beat with a good eye for writing across various domains, such as tech and auto beat.

Tags

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >