बोधगया. तथागत बुद्ध की 2570वीं बुद्ध जयंती समारोह गुरुवार से शुरू हो गया. तीन दिवसीय आयोजन के पहले दिन बोधगया मंदिर प्रबंधन समिति की ओर से गया जंक्शन से बोधगया तक श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए नि:शुल्क बस सेवा शुरू की गयी, जिसे बौद्ध भिक्षुओं और श्रद्धालुओं ने झंडी दिखाकर रवाना किया. महाबोधि मंदिर के पास श्रद्धालुओं के लिए नि:शुल्क स्वास्थ्य शिविर, ठंडे पानी और जलपान की व्यवस्था भी की गई है. इस दौरान श्रद्धालुओं और भिक्षुओं ने महाबोधि मंदिर में बुद्ध को पहला प्रसाद अर्पित किया. देश-विदेश, खासकर महाराष्ट्र सहित विभिन्न स्थानों से आने वाले श्रद्धालुओं के लिए कालचक्र मैदान में पंडाल की व्यवस्था की गयी है. जयंती समारोह को लेकर महाबोधि मंदिर क्षेत्र और पूरे बोधगया में चहल-पहल बढ़ गयी है. श्रद्धालुओं का लगातार आगमन हो रहा है, जिससे उत्सवी माहौल बना हुआ है. मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी शुक्रवार को बोधगया पहुंचेंगे और बोधगया मठ में आयोजित कार्यक्रम में शामिल होंगे. उनके आगमन को लेकर सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गयी है. जयंती समारोह का मुख्य कार्यक्रम शुक्रवार सुबह बोधिवृक्ष की छांव में आयोजित होगा, जिसमें विभिन्न देशों के बौद्ध मठों के भिक्षु और श्रद्धालु भाग लेंगे. सुबह 7 बजे 80 फीट बुद्ध प्रतिमा से शोभायात्रा निकाली जाएगी, जो महाबोधि मंदिर पहुंचकर समारोह में परिवर्तित होगी. इसके बाद कालचक्र मैदान में बौद्ध भिक्षुओं को संघदान कराया जायेगा. जयंती के अवसर पर महाबोधि मंदिर क्षेत्र को पंचशील पताकाओं से सजाया गया है. हजारों श्रद्धालुओं की उपस्थिति से पूरे क्षेत्र में भव्यता और आस्था का माहौल बना हुआ है. इस समारोह में भारत में तैनात थाईलैंड की काउंसलेट जनरल भी शामिल होंगी.
Gaya News : बुद्ध जयंती की शुरुआत, श्रद्धालुओं से गुलजार हुआ महाबोधि परिसर
Gaya News: 80 फीट बुद्ध प्रतिमा से निकलेगी शोभायात्रा, मुख्य कार्यक्रम बोधिवृक्ष तले होगा आयोजित
