मोहनपुर. सड़क हादसे के बाद कानून हाथ में लेकर पुलिस पर हमला करना उपद्रवियों को भारी पड़ गया. गया पुलिस ने त्वरित और सख्त कार्रवाई करते हुए इस मामले में संलिप्त 26 अभियुक्तों को गिरफ्तार कर लिया है. इस कार्रवाई से क्षेत्र में हड़कंप मच गया है और उपद्रवी तत्वों में भय का माहौल है. घटना बुधवार की है, जब बाराचट्टी मुख्य सड़क पर ग्राम नटहा के समीप एक तेज रफ्तार हाइवा ट्रक की चपेट में आने से मोटरसाइकिल सवार महिला की मौत हो गयी. हादसे के बाद आक्रोशित ग्रामीणों की भीड़ मौके पर जुट गई और शव को सड़क पर रखकर मुख्य मार्ग जाम कर दिया. स्थिति बिगड़ने पर मोहनपुर थाने की पुलिस मौके पर पहुंची और लोगों को समझाने के साथ शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजने का प्रयास किया. इसी दौरान भीड़ उग्र हो गई और पुलिस बल पर हमला कर दिया. घटना में सरकारी कार्य में बाधा पहुंचाई गई और पुलिसकर्मियों को निशाना बनाया गया. मामले की गंभीरता को देखते हुए मोहनपुर थाना कांड संख्या 154/26, दिनांक 29.04.2026 दर्ज कर त्वरित अनुसंधान शुरू किया गया.
विशेष टीम गठित कर कार्रवाई
वरीय पुलिस अधीक्षक, गया के निर्देश पर अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी, शेरघाटी-02 के नेतृत्व में विशेष टीम गठित की गई. इसमें मोहनपुर थाना अध्यक्ष समेत कई पुलिस अधिकारी और जवान शामिल किये गये. पुलिस ने गुप्त सूचना और तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर छापेमारी करते हुए गुरुवार को 26 आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया. गिरफ्तार अभियुक्तों में राहुल कुमार, फागु यादव, शिव कुमार यादव, मनोज कुमार, मदन कुमार, प्रदीप कुमार, उमेश महतो, देवानंद यादव, कैलाश यादव, रामाशीष कुमार, संतोष यादव, जगदीश यादव, रविरंजन कुमार, रंजन यादव, अमित कुमार, सोलजर कुमार, विनोद सिंह, हरेंद्र सिंह, रामदेव यादव, मनीष कुमार, कालू मांझी, सुनील मंडल, अनिल कुमार, सुमित कुमार, मुन्नी यादव और भागीरथ कुमार शामिल है. सभी आरोपित मोहनपुर थाना क्षेत्र के विभिन्न गांवों के निवासी बताए जा रहे हैं. पुलिस अधिकारियों ने स्पष्ट किया है कि कानून व्यवस्था से खिलवाड़ करने वालों को किसी भी सूरत में बख्शा नहीं जायेगा. फरार अन्य आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी जारी है. पुलिस की इस सख्ती से साफ संकेत मिल गया है कि जिले में कानून का राज कायम है और किसी भी प्रकार की अराजकता बर्दाश्त नहीं की जाएगी.
