गया के चाकंद में 300 रुपये मजदूरी मांगने गए पेंटर की ठेकेदार ने पीट कर की हत्या

चाकंद थाना क्षेत्र अंतर्गत पीर बिगहा गांव में महज 300 रुपये की मजदूरी मांगना एक गरीब मजदूर के लिए जानलेवा साबित हुआ. पैसा मांगने गए पेंटर इरफान शाह की ठेकेदार और उसके परिजनों ने लाठी-डंडों और ईंट-पत्थरों से पीट-पीटकर हत्या कर दी.

Gaya News : बेलागंज से अजीत की रिपोर्ट. जिले के चाकंद थाना क्षेत्र अंतर्गत पीर बिगहा गांव में महज 300 रुपये की मजदूरी मांगना एक गरीब मजदूर के लिए जानलेवा साबित हुआ. अपनी मेहनत का बकाया पैसा मांगने गए 30 वर्षीय पेंटर इरफान शाह की ठेकेदार मुन्ना साह और उसके परिजनों ने लाठी-डंडों और ईंट-पत्थरों से पीट-पीटकर निर्मम हत्या कर दी. बुधवार को गया के मगध मेडिकल कॉलेज अस्पताल में इलाज के दौरान इरफान ने दम तोड़ दिया. 300 रुपये के लिए हुई इस जघन्य हत्या के बाद पूरे गांव में सन्नाटा और भारी तनाव का माहौल है. प्राप्त जानकारी के अनुसार, मृतक इरफान शाह पीर बिगहा गांव में ही ठेकेदार मुन्ना साह के अधीन पेंटर (पुताई) का काम करता था. इरफान की मजदूरी के करीब 300 रुपये ठेकेदार पर बकाया थे. बताया जा रहा है कि मंगलवार की रात लगभग नौ बजे इरफान अपना वही बकाया पैसा मांगने मुन्ना साह के पास गया था. इसी दौरान पैसे के लेन-देन को लेकर दोनों के बीच कहासुनी शुरू हो गई.

ईंट-पत्थरों से कुचलकर किया अधमरा

आरोप है कि विवाद बढ़ने पर मुन्ना साह ने अपने परिवार के अन्य सदस्यों के साथ मिलकर इरफान पर जानलेवा हमला कर दिया. आरोपियों ने उसे लाठी-डंडों से पीटने के साथ ही ईंट-पत्थरों से बुरी तरह कुचल दिया. गंभीर रूप से लहूलुहान और बेहोश इरफान को स्थानीय लोगों की मदद से तुरंत नजदीकी स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया. वहां उसकी नाजुक स्थिति को देखते हुए डॉक्टरों ने उसे मगध मेडिकल कॉलेज अस्पताल रेफर कर दिया, जहां जिंदगी और मौत से जूझते हुए बुधवार को उसकी मौत हो गई.

हत्या का केस दर्ज, आरोपी फरार

चाकंद थानाध्यक्ष शिवम कुमार ने बताया कि मृतक के परिजनों के लिखित आवेदन के आधार पर मुन्ना साह और उसके परिजनों के खिलाफ हत्या की नामजद प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है. शुरुआती जांच में पूरा मामला 300 रुपये की मजदूरी के विवाद का ही प्रतीत हो रहा है. वारदात के बाद से सभी आरोपी फरार बताए जा रहे हैं और पुलिस उनकी गिरफ्तारी के लिए लगातार संभावित ठिकानों पर छापेमारी कर रही है.

दोषियों पर होगी सख्त कार्रवाई: डीएसपी

इस खौफनाक घटना की सूचना मिलने के बाद गया के विधि-व्यवस्था (लॉ एंड ऑर्डर) डीएसपी रवि प्रकाश सिंह ने भी पीर बिगहा पहुंचकर घटनास्थल का जायजा लिया और मृतक के परिजनों से मुलाकात की. उन्होंने पीड़ित परिवार को न्याय का पूरा भरोसा दिलाते हुए स्पष्ट किया कि इस जघन्य हत्याकांड में शामिल किसी भी दोषी को बख्शा नहीं जाएगा और पुलिस जल्द ही आरोपियों को सलाखों के पीछे भेजेगी.

Also Read : बोधगया में बड़ी त्रासदी टली: गैस गोदाम में लगी आग, सैकड़ों सिलेंडरों को बचाने में मैनेजर और गार्ड गंभीर रूप से झुलसे, पटना रेफर

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

Published by: Jitendra kumar

Digital Media Journalist having more than 2 years of experience in life & Style beat with a good eye for writing across various domains, such as tech and auto beat.
और पढ़ें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >